Police campaign intensified in strict lockdown

    Loading

    औरंगाबाद. औरंगाबाद जिला प्रशासन (Aurangabad District Administration) और स्वास्थ्य विभाग (health Department) के लाख कोशिशों के बावजूद शहर में इन दिनों कोरोना (Corona) कहर बरपा रहा है। प्रशासन इस महामारी के रोकथाम के लिए अपने स्तर पर हरसंभव प्रयासों में जूटा है, परंतु हर दिन हजारों की संख्या में मरीज पाए जाने से प्रशासन द्वारा हर शनिवार और रविवार को सख्त लॉकडाउन (Strict Lockdown) का निर्णय इन दिनों जिले में जारी है। शनिवार को सख्त लॉकडाउन जारी होते ही पुलिस प्रशासन द्वारा दिन भर वाहनों की जांच मुहिम चलाई गई। इस मुहिम में पुलिस ने बड़े पैमाने पर दंड भी वसूला, बल्कि, कई नागरिकों पर मामले भी दर्ज किए।

    फरवरी माह से शहर में कोरोना के बढ़ते कहर के बाद जिला प्रशासन ने 11 मार्च से 4 अप्रैल तक आंशिक लॉकडाउन लगाने के साथ ही हर शनिवार और रविवार को सख्त लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया था। पहले निर्णय की मियाद खत्म होने के बाद प्रशासन ने इसमें इजाफा कर 30 अप्रैल तक शहर के सभी प्रमुख बाजार बंद रखने का निर्णय लिया हुआ है। इसी दौरान शनिवार और रविवार को सख्त लॉकडाउन जारी है। 

    प्रमुख चौराहों पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त

    शनिवार की सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात था। नागरिक बिना वजह घरों से बाहर ना निकले, इसको लेकर पुलिस प्रशासन सख्ती बरत रही है। शनिवार को पुलिस ने सुबह से सड़क से गुजरनेवाले वाहन को रोककर घर से बाहर निकलने का कारण पूछा, जो नागरिक बिना कारण सड़क पर घूमते पाए गए उनसे जुर्माना वसूला गया। बल्कि, कई नागरिकों पर मामले भी दर्ज किए गए। इधर, शहर में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। जिसके चलते नागरिक सुबह 11 से शाम 5 बजे तक अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे है। पिछले 5 दिन से शहर में बाजार प्रशासन के आदेश पर बंद है। एक तरफ कोरोना का कहर तो दूसरी तरफ तपती धूप से राहत पाने लोग घरों में रहने को अधिक प्राथमिकता दे रहे है। यहीं कारण है कि सुबह 11 से शाम 5 बजे तक शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ नजर आ रहा है।