File Photo
File Photo

  • 50 रुपए का पाम तेल में आया उछाल

Loading

मुंबई: पामोलीन के प्रमुख उत्पादक इंडोनेशिया (Indonesia) ने अपनी घरेलू कीमतें नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार को पाम तेल (Palm Oil) के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी। जिससे मुंबई सहित भारत के सभी थोक तेल-तिलहन बाजारों में तेजी भड़क उठी। वैश्विक बाजारों में भी उछाल दर्ज हुआ। इंडोनेशियाई सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने की खबर भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे के करीब आई। जैसे ही यह खबर आई, यहां कीमतों में उछाल आ गया। 

मुंबई में पाम तेल 3.4% यानी 50 रुपए बढ़कर 1520 रुपए प्रति दस किलो हो गया, जो दिन में 1470 रुपए के करीब था। पाम तेल के साथ अन्य खाद्य तेल भी महंगे हो गए। आगे और तेजी की आशंका जताई जा रही है।

सोया और सनफ्लावर तेल भी हुए महंगे

सोया तेल (Soya Oil) भी 40 रुपए बढ़कर 1595-1600 रुपए प्रति दस किलो पर जा पहुंचा, जो खबर आने के पहले 1555 रुपए था। सनफ्लावर तेल (Sunflower Oil) भी 25 रुपए बढ़कर 1790-1800 रुपए हो गया। भारत सबसे ज्यादा पाम, सोया और सनफ्लावर तेल आयात करता है। इसलिए इनमें तेजी का असर अन्य भारतीय तेलों पर भी पड़ता है। हालांकि उनमें तेजी अपेक्षाकृत कम आई। जहां राइसब्रान 20 रुपए बढ़ा, वहीं सरसो और मूंगफली तेल में प्रति दस किलो 10 से 15 रुपए की तेजी आई। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पहले ही तेल कीमतों में आग लगी हुई है।

अब पूरी तरह मलेशिया पर रहना होगा निर्भर: शंकर ठक्कर

अखिल भारतीय खाद्य तेल महासंघ के अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने कहा कि इंडोनेशिया में कमी होने से पाम तेल 60% तक महंगा हो गया है। जिसके कारण सरकार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा था। इसलिए प्रतिबंध की आशंका पहले से ही थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल (Petrol & Diesel) की घोर महंगाई से जूझ रहे भारत के लिए डबल झटका है, क्योंकि हम अपनी जरूरत के लिए क्रूड ऑयल के साथ-साथ कुकिंग ऑयल (Cooking Oil) के लिए भी विदेशों पर निर्भर है। भारत का करीब 60% पाम तेल आयात इंडोनेशिया से ही होता है और अब पूरी तरह मलेशिया (Malaysia) पर निर्भर रहना पड़ेगा। जबकि मलेशिया में भी कीमतें बढ़नी शुरू हो गयी हैं। अखिल भारतीय खाद्य तेल महासंघ ने भारत सरकार को पिछले साल ही आयातित तेलों का बफर स्टॉक बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन सरकार ने उस पर अमल नहीं किया, लिहाजा अब आयातित तेलों की कीमतें नई ऊंचाई पर पहुंच सकती हैं।