मृतक के परिवार को 10 लाख मुआवजा, एक को नौकरी

  • सुरक्षा अधिकारी गिरफ्तार

Loading

बल्लारपुर. यहां से 3 किमी दूर स्थित बामनी प्रोटीन लिमिटेड में हायड्रोक्लोरिक गैस रिसाव के चलते शुक्रवार की दोपहर विशाल माऊलीकर (32) नामक कामगार की मौत हो गई जबकि अन्य 5 कामगारों पर उपचार शुरू है। इस दौरान शुक्रवार की रात 9 बजे कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की।

घटना के उपरांत कंपनी परिसर में लगभग 500  से अधिक कामगारों ने भीड़ एकत्रित की थी। वें मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे जिससे कंपनी परिसर में तनाव की स्थिति निर्माण होने पर पुलिस का चुस्त बंदोबस्त रखा गया था। रात 8 बजे मृतक कामगार का पार्थिव अस्पताल से सीधे कंपनी परिसर में लाये जाने से सहायता देने के संदर्भ में कंपनी प्रबंधन, कामगार यूनियन और परिवार के सदस्यों में चर्चा हुई। इसमें परिवार के एक सदस्य को नौकरी, 10 लाख की आर्थिक सहायता का  निर्णय हुआ।

इस स्थिति को संभालने के लिए थानेदार एस.एस. भगत के मार्गदशन में डीबी पथक के प्रमुख विकास गायकवाड के नेतृत्व में पुलिस जवान तैनात थे।

मृतक के परिवार में पत्नी, दो पुत्र, भाई, बहन, माता-पिता है। आज शनिवार को उसके पार्थिव का अंतिम संस्कार हुआ।

घायलों का मुफ्त उपचार

अन्य 5  कामगारों का कंपनी द्वारा उपचार खर्च वहन किए जाने की जानकारी कार्मिक प्रबंधक सतीश मिश्रा ने दी।

कंपनी प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज

बिना सुरक्षा उपकरणों के कामगारों को टैंक सफाई के लिए भेजे जाने पर बल्लारपुर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में सुरक्षा अधिकारी सुधीर मिश्रा पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।