खौफनाक: अंधविश्वास की बलि चढ़ा बुजुर्ग, सिर काटकर हाथ में लटकाए 20 KM तक घूमता रहा युवक

    Loading

    रायपुर. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद (Gariaband) में एक दिल दहला देने वाली वारदात (Crime) हुई है। एक युवक ने बुजुर्ग का सिर उसकी धड़ से अलग कर दिया और 20 किलोमीटर तक कटा सिर लेकर घूमता रहा। जानकारी है कि, आरोपी युवक ने अंधविश्वास के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है। सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  

    पुलिस ने बताया कि, घटना बीते सोमवार की शाम की है, गरियाबंद के छुरा गांव में एक युवक ने अंधश्रद्धा के चलते एक बुजुर्ग का सिर काट दिया और उसके बाद 20 किमी तक गांव-गांव जाकर घूमता रहा। छुरा गांव के निवासी माधव गोंड़ का अपने घर के बगल में रहने वाले करण सिंह नामक बुजुर्ग से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। माधव को शक था कि करण सिंह जादू टोना कर उसे और परिवार के लोगों को बीमार कर दिया है, जिसके बाद माधव सिंह ने इस शक के चलते कुल्हाड़ी से वार कर करण सिंह का गला काट दिया। 

    लोगों को दिखाता रहा कटा हुआ सिर 

    पुलिस ने जानकारी दी है कि, युवक मृतक के सिर को गांव-गांव में ले जाकर लोगों को दिखा रहा था। लोग यह सब देख कर हैरान थे। कुछ लोगों ने कटे हुए धड़ की फोटो ले लिए और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद कुछ ही घंटों में पुलिस तक यह जानकारी पहुंची और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।