भारतीय टीम के मुख्य कोच होंगे राहुल द्रविड़, कप्तानी की रेस में शिखर धवन सबसे आगे

    Loading

    मुंबई: बहुत दिन से चर्चा थी कि श्रीलंका के दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) बन सकते हैं। अब इस बात की पुष्टि हो चुकी है। राहुल द्रविड़ श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया (Team India) के मुख्य कोच बनेगें। हालांकि, वह केवल इस दौरे के लिए ही कोच की भूमिका निभाएंगे। भारत श्रीलंका के लिए जुलाई के महीने में रवाना होगी। श्रीलंका और भारत के बीच छह मैच खेले जाएंगे। यह सीरीज 13 जुलाई से शुरू होनी है। 

    वहीं एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में लिखा गया है कि श्रीलंका दौरे पर जाने वाले खिलाड़ी पहले भारत में क्वारंटीन होंगे। साथ ही अगर जरूरत पड़ी तो श्रीलंका के बायो प्रोटोकॉल के हिसाब से वहां पर भी खिलाड़ी बायो बबल में रह सकते हैं। टीम को श्रीलंका जाने से पहले नेगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट भी देनी होगी। इसके अलावा श्रीलंका पहुंचने के एक दिन बाद भी रिपोर्ट नेगेटिव आनी चाहिए। 

    हालांकि भारतीय टीम का चयन कब होगा इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं है। बोर्ड की तरफ से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन, बता दें कि कप्तानी की रेस में शिखर धवन सबसे आगे चल रहे हैं, क्योंकि अभी श्रेयस अय्यर का इस दौरे पर जाना तय नहीं है। तो अब देखना ये होगा कि कब तक टीम का सिलेक्शन हो पाएगा।