Dhoni and Sayed Kirmani

Loading

-विनय कुमार.

IPL T20, 2020 के ताज़ा सीज़न में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन को लेकर इन दिनों काफ़ी आलोचनाएं हो रही है। पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सैयद किरमानी ने आलोचना करने वालों से नाराजगी ज़ाहिर करते हुए कहा है कि उन्हें आलोचना करनेवालों पर तरस आती है।

सैयद किरमानी ने न्यूज़ एजेंसी ‘भाषा’ से कहा, ”यह दौर हर खिलाड़ी के करियर में आना जरूरी है। ऊंचाई पर पहुंचने का भी एक वक्त होता है, उसी तरह नीचे उतरने का भी एक समय होता है। वक्त के साथ हर चीज बदलती है, जो लोग आज धोनी की आलोचना कर रहे हैं मुझे उनकी सोच पर तरस आता है।”

क्या महेंद्र सिंह अब मैच विजेता और फिनिशर नहीं रहे, इस सवाल पर सैयद किरमानी ने कहा कि, अब उन्हें धोनी से उस तरह की क्रिकेट की उम्मीद नहीं करनी चाहिए जो आज से 10-15 साल पहले की जाती थी।

सैयद किरमानी ने कहा, ”हमें प्रकृति का नियम हर हाल में मानना चाहिए। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि धोनी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर रहे हैं और क्योंकि वह बहुत लंबे समय के बाद मैदान पर उतरे हैं इसलिए भी उनका प्रदर्शन गिर रहा है।”

IPL T20 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 3 बार आईपीएल ट्रॉफी जीता। लेकिन इन दिनों ताज़ा सीज़न में ढीले प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना भी हो रही है। इस साल कप्तान धोनी ने 7 मैचों की 6 पारी में सिर्फ 112 रन बनाए हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अब तक 7 मैच खेले हैं जिसमें से 5 मेनुसे हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में ट्रॉफी पर कब्ज़ा करने की होड़ में टीम काफी पिछड़ चुकी है। टीम की लगातार हार के लिए धोनी की लंबी पारी खेलने में नाकाम होने को एक बड़ी वजह माना जा रहा है। सैयद किरमानी ने कहा, कि उम्र के साथ इंसान की हर गतिविधि में फर्क आता है। यह नियम क्रिकेट खिलाड़ियों पर भी लागू होता है। इस उम्र में वह चुस्ती-फुर्ती नहीं रह पाती जो युवावस्था में होती है। इसके अलावा इस उम्र में खिलाड़ी भविष्य की अन्य चिंताओं से भी घिर जाता है। इसका असर भी उसके खेल पर पड़ता है। यह एक कुदरती बात है।

सैयद किरमानी ने कहा, ”धोनी सिर्फ एक क्रिकेटर ही नहीं है, बल्कि उनके कंधे पर और भी कई जिम्मेदारियां हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह अब अपने भविष्य के बारे में भी सोच रहे होंगे। जैसे-जैसे अन्य जिम्मेदारियां बढ़ती जाती है वैसे-वैसे खिलाड़ी के प्रदर्शन पर भी असर पड़ता है।”

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के साए में अबकी बार का IPL T20 चूंकि UAE में खेला जा रहा है, जहां का तापमान काफी गरम है। ज़ाहिर है, इस मौसम का भी खिलाड़ी के प्रदर्शन पर  असर पड़ रहा है, क्योंकि खिलाड़ी ऐसी गर्मी में खेलने के आदी नहीं हैं।

सैयद किरमानी ने कहा, ”क्रिकेटर अनिश्चितताओं का खेल है। यही वजह है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) में विराट कोहली की कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी क्रम होने के बावजूद यह टीम अब तक IPL T20 का एक भी खिताब नहीं जीत सकी है, इसलिए यह कहना ठीक नहीं होगा कि किसी टीम में कोई कमी या खामी है।