मोहम्‍मद जैद हसन ने संस्‍कृत में अर्जित किए 100 मार्क्‍स

Loading

नोएडा. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया है। वही ग्रेटर नोएडा के  दिल्ली पब्लिक स्कूल का एक छात्र काफी चर्चा में हैं। मोहम्मद जैद हसन ने  CBSE की 10वीं की परीक्षा में 97.4 फीसद अंक प्राप्त किए हैं और खास बात यह है कि जैद ने संस्कृत विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। 

जैद ने संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने का श्रेय अपने संस्कृत शिक्षक सुधाकर मिश्र को दिया है। जैद ने बताया, उनके ही मार्गदर्शन में उन्होंने संस्कृत का महत्व और सौंदर्य समझा हैं। जैद के संस्कृत शिक्षक सुधाकर मिश्र बताते हैं कि वह छठी कक्षा से ही जैद को पढ़ा रहे हैं। संस्कृत विषय में उनकी गहरी रुची है। इसके साथ ही तकनीकि मामलों में भी जैद मजबूत पकड़ रखते हैं। 

 जैद के माता-पिता पेशे से डॉक्टर हैं और उनके विचार सामाजिक सद्भावना से प्रेरित हैं। पिता डॉक्टर केएम हसन जेपी हॉस्पिटल में न्यूरोलॉजिस्ट हैं। मां डॉक्‍टर नाजिया हसन बाल रोग विशेषज्ञ हैं। बड़ा भाई मोहम्मद युसुफ हसन आइआइटी गांधीनगर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। छोटा भाई डीपीएस में ही कक्षा छह का छात्र है। अपने माता पिता के विचारों के साथ ही मौहम्मद जैद हसन आगे बढ़ रहे हैं। 

जैद की इस उपलब्धी पर विद्यालय की प्रधानाचार्या संध्या अवस्थी ने बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा, विद्यालय में चौथी कक्षा से ही संस्कृत की पढ़ाई होती है। बच्चों को कई भाषाओं का विकल्प दिया जाता है, जिसमें से जैद ने संस्कृत को चुना। 10वीं के बाद जैद विज्ञान विषय में इंटरमीडिएट करना चाहते हैं। इसके बाद भविष्य में वह विज्ञान और संस्कृत को जोड़कर शोध कार्य करने के इच्छुक हैं।