
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फिलहाल यूपी बोर्ड (UP Board Paper Leak) की परीक्षा जारी है। इसी बीच आज एक बड़ी खबर सामने आई है जिससे सूबे में हडकंप मच गया है। बताना चाहते हैं कि बुधवार को इंटरमीडिएट यानी 12वीं क्लास की अंग्रेजी (12th Class English Paper) का पेपर होना था। लेकिन बोर्ड ने दोपहर 2 बजे से होने वाली परीक्षा को 24 जिलों में रद्द कर दिया है। इसके पीछे की वजह पेपर लीक होना है।
ज्ञात हो कि यूपी बोर्ड की 12वीं क्लास का अंग्रेजी पेपर कई जगहों पर लीक हो गया है। जिसके बाद सरकार ने राज्य के 24 जिलों में परीक्षा को रद्द कर दिया है। यूपी सरकार की तरफ से कहा गया कि प्रदेश के 24 जिलों में आज दिनांक 30 मार्च को अपराह्न 02 बजे प्रस्तावित इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा आज रद्द कर दी गई है। शेष अन्य 51 जिलों में परीक्षा निर्धारित समय पर आयोजित होगी।
प्रदेश के 24 जिलों में आज दिनांक 30 मार्च को अपराह्न 02 बजे प्रस्तावित इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा आज रद्द कर दी गई है। शेष अन्य 51 जिलों में परीक्षा निर्धारित समय पर आयोजित होगी।
— Government of UP (@UPGovt) March 30, 2022
दूसरी तरफ एक अन्य ट्वीट में सरकार ने कहा कि प्रदेश के आगरा, मैनपुरी, मथुरा, महोबा, जालौन, चित्रकूट, अम्बेडकरनगर, प्रतापगढ़, अलीगढ़, गाजियाबाद, बागपत, बदायूं, शाहजहांपुर, उन्नाव, सीतापुर, ललितपुर, गोंडा, गोरखपुरी, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, कानपुर देहात, एटा, शामली जिलों में आज परीक्षा रद्द की गई है।
गौर हो कि राज्य में पेपर लीक होने की जानकारी माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को दी गई है। साथ ही सीएम के आदेश पर पेपर को रद्द किया गया है। सबसे पहले बलिया जिले से पेपर लीक की खबर सामने आई थी। जिसके बाद 24 जिलों के एग्जाम निरस्त किए गए हैं।