saroj-khan-passes-away-remo-dsouza-nimrat-kaur-kunal-kohli-and-other-bollywood-celebs-mourn-the-loss-of-the-ace-choreographer

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफ़र सरोज खान का आज 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है।

Loading

मुंबई. बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफ़र सरोज खान का आज 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। सरोज खान ने मुंबई के गुरु नानक अस्पताल में आखिरी सांस ली। बता दे कि सरोज खान पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। वहां उनकी कोविड-19 की टेस्ट भी हुई,  जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। शुक्रवार को मलाड के मालवाणी कब्रिस्तान में उनका पार्थिव शरीर सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

सरोज खान के जाने से बॉलीवुड को बड़ा झटका लगा है। सरोज खान की निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड सेलेब्स सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बॉलीवुड के महानायक अभिताभ बच्चन ने सरोज खान के जाने पर दुख ज़ाहिर किया है। बिग बी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हाथ जुड़े हैं , मन अशांत’।

बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने लिखा, ‘इस बुरी खबर के साथ जागा हूं कि कोरियोग्राफर सरोज ख़ान जी नहीं रहीं। उन्होंने डांस को बहुत आसान बना दिया जैसे कोई भी डांस कर सकता है। इंडस्ट्री को एक बड़ा नुकसान। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे’।

अनुपम ख़ेर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘डान्स की मल्लिका #सरोजखान जी अलविदा।आपने कलाकारों को ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत ख़ूबसूरती से सिखाया कि “इन्सान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है”।आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली ना सिर्फ़ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूँगा’।

टीवी एक्टर सुनील ग्रोवर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘सरोज खान जी की निधन के खबर से शॉक्ड हूं। उनके जाने से एक युग का अंत हो गया। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे’।

फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हे भगवान…सरोज खान के निधन की भयानक खबर के साथ जगा हूं। हमेशा उनसे बहुत प्यार मिला। गोल फिल्म के बिल्लो रानी गाने में उनके साथ काम करने का मौका मिला था। भगवान उनकी आत्म को शांति दे।

बॉलीवुड एक्ट्रेस निमरत कौर ने लिखा, ‘सरोज ख़ान जी ने ही मेरी जिंदगी में ‘कोरियोग्राफर’ नाम को इंट्रोड्यूज़ करवाया है। एक जीनियस जिसने स्टार्स को अमर कर दिया। दुआ करती हूं कि इस मुश्किल घड़ी में उनके चाहने वालों शक्ति मिले। उनके जैसा कोई नहीं होगा’।

फिल्म ‘फना’ में खान के साथ काम करने वाले निर्देशक कुणाल कोहली ने उन्हें याद करते हुए कहा, ‘‘ उन्होंने हमेशा लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। कभी इस बात की परवाह नहीं की कि कौन बड़ा सितारा है और कौन नहीं। हमेशा सभी के लिए बिरयानी लाती थीं और सभी को प्यार से खिलाती थीं। उन सभी यादों के लिए मास्टर जी शुक्रिया। ”

मालूम हो कि तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी सरोज खान ने बॉलीवुड के कई हिट गीतों की कोरियोग्राफी की है। अपने चार दशक के करियर में उन्होंने 2000 से अधिक गीतों की कोरियोग्राफी की, जिसमें फिल्म ‘देवदास’ का ‘डोला रे डोला’, ‘तेजाब’ का ‘एक दो तीन’ और ‘जब वी मेट’ का ‘ये इश्क हाय’ जैसे हिट गीत इनमें शामिल है। खान ने आखिरी बार 2019 में आई फिल्म ‘कलंक’ में माधुरी दीक्षित के लिए गीत ‘तबाह हो गए’ की कोरियोग्राफी की थी।