Photo: Instagram
Photo: Instagram

    Loading

    मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा (Shilpa Shetty) के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा (Raj Kundra) को सोमवार रात क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। राज कुंद्रा को अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के जरिये इन्हें प्रदर्शित करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि राज कुंद्रा इस मामले में साजिशकर्ता के तौर पर सामने आ रहे हैं और उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत भी मौजूद हैं। अब आज यानी मंगलवार को इस मामले में कोर्ट में पेशी होनी है। अब यह कोर्ट तय करेगा कि राज कुंद्रा को कितने दिनों की रिमांड पर भेजना है या उन्हें जमानत देनी है। 

    आपको बता दें राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद वह करीब 4 घंटे तक मुंबई क्राइम ब्रांच में रहे थे। इसके बाद देर रात लगभग 3 बजे राज कुंद्रा को क्राइम ब्रांच से निकालकर मुंबई के जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल हुआ। जेजे अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम राज कुंद्रा को साढ़े 4 बजे मुंबई पुलिस कमिश्नर के दफ्तर ले गई। इसके बाद से राज कुंद्रा मुंबई पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में ही हैं। 

    साथ ही आपको बता दें राज कुंद्रा के खिलाफ इसी साल 4 फरवरी को मुंबई के मालवानी थाना क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया था। उनके खिलाफ अपराध संख्या- 103/2021 के तहत मामला दर्ज किया गया था। राज कुंद्रा पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 292, 293, 420, 34 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत धारा 67 और 67A सहित अन्य धाराएं लगाई गई थीं। मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने फिल्म इंडस्ट्री में ब्रेक देने के बहाने महिलाओं और युाओं को अश्लील वीडियो और पोर्नोग्राफी में धकेलने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनमें दो पुरुष अभिनेता, एक लाइटमैन के तौर पर काम करने वाला शख्स और दो महिलाएं शामिल हैं। जो वीडियोग्राफर, फोटोग्राफर और ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम करती हैं।