अश्लीलता फैलाने के मामले में कोर्ट पहुंची अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, 15 साल पहले रिचर्ड गेरे ने सरेआम किया था किस

    Loading

    मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) और विवादों का पुराना रिश्ता है। हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गेरे (Richard Gere) के साथ कुछ साल पहले हुए ‘किस’ केस फिर से एक बार चर्चा का विषय बन गया है। अलवर पुलिस ने इस मामले में शिल्पा शेट्टी के खिलाफ कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद उक्त अदालत में फिर से अपील करने का फैसला किया है। ऐसे में अब शिल्पा ने इसका विरोध किया है और कोर्ट को इस याचिका को खारिज करने की गुहार लगाई है। बता दें, रिचर्ड और शिल्पा दोनों पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।

    शिल्पा शेट्टी ने दलील में कहा कि एकमात्र आरोप यह है कि जब रिचर्ड गेरे ने घटना के समय उन्हें किस किया तो उन्होंने उसका विरोध नहीं किया। हालांकि, गैर-विरोध का मतलब यह नहीं है कि हम साजिश में शामिल हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक शिल्पा शेट्टी के वकील एड. प्रशांत पाटिल ने कहा कि शिल्पा शेट्टी उस दौरान उत्पीड़न का शिकार हुई थी। याचिकाकर्ता एक अभिनेत्री हैं और उन्होंने सार्वजनिक और निजी जीवन में एक जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार किया है।

    बता दें, साल 2007 में शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेरे दिल्ली में एक एड्स जागरूकता इवेंट में शामिल होने के लिए आए थे। उस वक्त गेरे ने मंच पर अचानक शिल्पा के गाल पर किस किया। इस घटना के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आई थीं। कई लोगों ने शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेरे पर समाज में अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया। उसके बाद दोनों के खिलाफ राजस्थान में मामला दर्ज किया गया था।