Photo: Instagram
Photo: Instagram

    Loading

    मुंबई: पिछले कुछ महीनों में ट्विटर और भारत सरकार के बीच कई बार टकराव हुए जिनमें किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सामने आई कड़वाहट भी शामिल है। दोनों के बीच तब भी टकराव की स्थिति बनी जब अमेरिकी कंपनी ने सत्तारूढ़ दल बीजेपी के कई नेताओं के पोस्ट को ‘मैनिपुलेटेड मीडिया’ के तौर पर टैग कर दिया। तब केंद्र सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। कंपनी ने तो आईटी नियमों के पालन नहीं करके मानो भारत सरकार को ही चुनौती दे दी है। ऐसे में उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। सरकार ने ट्विटर से साफ़ शब्दों में कह दिया है कि उन्हें भारतीय क़ायदे-क़ानून के अनुसार काम करना होगा। इस विवाद के बीच माइक्रोब्लॉगिंग ऐप Koo पर भारतीय सेलिब्रिटी का जाना जारी है। अब बाहुबली एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी (Anushka Shetty) ने कू ज्वाइन किया है, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर स्थित अपने दूसरे एकाउंट्स के ज़रिए दी। 

    इंस्टाग्राम पर अनुष्का ने अपने कू अकाउंट की एक फोटो शेयर की और लिखा- ‘उम्मीद है, आप सब लोग अच्छे होंगे और सुरक्षित होंगे। मेरे आधिकारिक कू एकाउंट का पालन कीजिए, जहां कुछ मज़ेदार अपडेट्स आने वाले हैं। शुक्रिया।’ इसके साथ अनुष्का ने अपने कू अकाउंट की जानकारी भी दी है। बता दें, बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट पहले ही कू ज्वाइन कर चुकी हैं। कंगना को उनके कुछ विवादित ट्वीट्स की वजह से स्थायी रूप से ट्विटर के बेदखल कर दिया गया है। कंगना अब इंस्टाग्राम और कू के ज़रिए अपने उन फैंस और फॉलोअर्स से संवाद करती हैं, जो उन्हें इन दोनों प्लेटफार्म पर फॉलो कर रहे हैं।

    अनुष्का, तेलुगु सिनेमा की चर्चित अदाकारा हैं और कई कामयाब फिल्मों का हिस्सा रही हैं। हिंदी दर्शकों के बीच उन्हें तब बड़ी पहचान मिली, जब 2015 में बाहुबली- द बिगिनिंग रिलीज़ हुई थी। हिंदी बेल्ट में इसका डब वर्ज़न ही रिलीज हुआ था, मगर इस फ़िल्म को ज़बरदस्त कामयाबी मिली थी। अनुष्का ने फिल्म में बाहुबली की प्रेमिका और पत्नी देवसेना का रोल निभाया था। पहले भाग के मुक़ाबले इसके सीक्वल बाहुबली- द कन्क्लूज़न में अनुष्का अधिक बड़ा और अहम था। बाहुबली के बाद अनुष्का की हॉरर सस्पेंस थ्रिलर फ़िल्म भागमती रिलीज़ हुई थी, जिसके हिंदी रीमेक दुर्गामती में भूमि पेडनेकर ने मुख्य भूमिका निभायी थी। 2020 में अनुष्का निशब्दम के लिए चर्चा में रही थीं। अनुष्का ने अभी तक किसी हिंदी फ़िल्म में काम नहीं किया है।