एटली कुमार की अगली फिल्म में वरुण धवन के साथ जमेगी अनुष्का शर्मा की जोड़ी

Loading

मुंबई: शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली कुमार साउथ इंडियन फिल्म ‘थेरी’ का हिंदी रीमेक बनाने की तैयारी कर रहे हैं। खबर है कि इस फिल्म में लंबे अरसे बाद वरुण धवन के साथ अनुष्का शर्मा दिखाई दे सकती है। अनुष्का और वरुण धवन की जोड़ी इससे पहले फिल्म ‘सुई धागा’ में एक साथ दिख चुकी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ये अनटाइटल फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई तमिल हिट फिल्म ‘थेरी’ का हिंदी रीमेक है, जिसमें थलापति विजय और सामंथा रुथ प्रभु ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसका निर्देशन एटली ने ही किया था। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को एटली कुमार की फिल्म ‘कबीर सिंह’ और ‘भूलभुलैया 2’ जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस कर चुके मुराद खेतानी बनाएंगे।

खबरों की मानें तो वरुण धवन स्टारर इस फिल्म में दो लीड एक्ट्रेस होंगी। अनुष्का शर्मा के साथ जाह्नवी कपूर को भी फिल्म के लिए अप्रोच किया गया है। खबर तो ये भी है कि अनुष्का शर्मा को फिल्म की स्क्रिप्ट काफी पसंद आई है और उन्होंने इसका हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी है।