Ajay-Devgn,-Suriya-receive-top-honours;-Asha-Parekh-honoured-with-Dadasaheb-Phalke-Award

    Loading

    नई दिल्ली: 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के दौरान बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन (Ajay Devgn) और सूर्या को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है। अजय देवगन को तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर और सूर्या को सोरारई पोट्रु फिल्मों के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। वहीं, अपर्णा बालामुरली को उनकी फिल्म सोरारई पोटरू के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है। जबकि, भारतीय सिनेमा में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए अनुभवी अभिनेत्री आशा पारेख को 2020 के लिए दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया गया।

    इनके अलावा मशहूर म्यूजिक कंपोजर और डायरेक्टर विशाल भारद्वाज (Vishal Bhardwaj) को डॉक्यूमेंट्री 1232 km के गाने ‘मारेंगे तो वहीं जाकर’ के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला है। वहीं,  इस समारोह में सोरारई पोट्रु को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार भी मिला है।

    राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने यहां विज्ञान भवन में आयोजित 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में 79 वर्षीय पारेख को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान दादा साहेब फाल्के अवार्ड्स से सन्मानित वरिष्ठ अभिनेत्री ने कहा कि, वह अपने 80वें जन्मदिन से एक दिन पहले यह पुरस्कार पाकर धन्य महसूस कर रही हैं।

    आशा पारेख को दादा साहब फाल्के पुरस्कार

    उन्होंने कहा, “दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करना बहुत बड़े सम्मान की बात है। मेरे 80वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले मुझे यह सम्मान मिला, मैं इसके लिए आभारी हूं।” वर्ष 2020 के लिए यह पुरस्कार प्राप्त करने वाली पारेख ने कहा, “यह भारत सरकार से मुझे मिलने वाला सबसे अच्छा सम्मान है। मैं जूरी को इस सम्मान के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं।” भारतीय फिल्म जगत को ‘बेहतरीन स्थान’ बताते हुए, उन्होंने कहा कि,वह 60 साल बाद भी फिल्मों से जुड़ी हुई हैं।

    उल्लेखनीय है कि, इन अवॉर्ड्स की घोषणा बीते 22 जुलाई को की गई थी। आज 30 सितंबर को इस पुरस्कार को जीतने वालों को अवॉर्ड दिया जा रहा है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए जा रहे है।