‘द्रौपदी’ को लेकर विवादित ट्वीट करना राम गोपाल वर्मा को पड़ा भारी, एफआईआर हुई दर्ज

    Loading

    मुंबई: बॉलीवुड निर्देशक राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) हमेशा अपनी फिल्मों के अलावा अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। अब एक विवादित ट्वीट ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। वर्मा के खिलाफ लखनऊ में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वर्मा को सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल किया जा चुका है, लेकिन मामला एफआईआर तक पहुंच चुका है। राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में द्रौपदी, पांडवों और कौरवों को लेकर विवादित ट्वीट किया था। इस ट्वीट के बाद उन्हें नेटिज़न्स के गुस्से का सामना करना पड़ा था। हालांकि वर्मा ने बाद में अपनी स्थिति स्पष्ट की, इसके बावजूद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। 

    निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने ट्वीट किया था कि, ‘अगर द्रौपदी राष्ट्रपति हैं, तो पांडव कौन हैं, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं?’ इस ट्वीट पर नेटिज़न्स का गुस्सा देखकर डायरेक्टर ने इस ट्वीट पर सफाई भी दी थी। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के बारे में ट्वीट करने से राम गोपाल वर्मा मुश्किल में पड़ने वाले हैं। 

     

    सोशल मीडिया पर इस बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ एक मजाक था और कोई और इरादा नहीं था। महाभारत में द्रौपदी मेरा पसंदीदा पात्र है, लेकिन चूंकि यह नाम इतना दुर्लभ है, इसलिए मुझे केवल प्रासंगिक पात्र याद थे और इसलिए मैंने खुद को व्यक्त किया। इसका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। ‘