टेनिस स्टार महेश भूपति बोले- ‘पेस के साथ कई बार देखी ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ फिल्म…’

    Loading

    Tennis star Mahesh Bhupathi said- ‘Watch ‘Dilwale Dulhania Le Jayenge’ film with Paes many times…’: टेनिस स्टार महेश भूपति ने लिएंडर पेस के साथ अपनी जोड़ी को बेहद खास बताते हुए कहा कि टेनिस के अलावा भोजन, संगीत और फिल्मों को लेकर उनकी साझा पसंद के कारण दोनों के बीच शानदार तालमेल बना और उन्होंने कई खिताब जीते। ‘‘इंडियन एक्सप्रेस’’ के नाम से प्रसिद्ध इस जोड़ी के खिलाड़ी भूपति ने कहा कि तनाव कम करने के लिए वह पेस के साथ संगीत सुना करते थे और फिल्में भी देखा करते थे। भूपति ने कहा कि उन्होंने पेस के साथ कई बार शाहरुख खान और काजोल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’’ देखी।

    दिग्गज टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने पीटीआई-भाषा को दिए विशेष साक्षात्कार में लिएंडर पेस के साथ अपनी जोड़ी को लेकर कहा, ‘‘ हमें एक ही तरह का खाना और संगीत पसंद था। हम एक साथ सफर करते थे और इस दौरान हमनें कई फिल्में साथ में देखीं। हम तनाव को कम करने के लिए फिल्में देखा करते थे। मुझे याद है कि हम दोनों ने कई बार ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ साथ में देखी थी। टेनिस कोर्ट पर कड़ी मेहनत करने के बाद तनाव को कम करने के लिए हम दोनों अंग्रेजी और हिंदी फिल्में साथ में देखा करते थे। इससे हमें बेहद सुकून मिलता था।’’ टेनिस कोर्ट पर दोनों खिलाड़ी हमेशा इस तरह खेले, जैसे दो भाई खेल रहे हों। पेस-भूपति की इस जोड़ी ने 1999 में विम्बलडन टूर्नामेंट का युगल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। टेनिस के दोनों महान खिलाड़ियों की दोस्ती और जीवन पर बनी वेब सीरीज़ ‘‘ ब्रेक प्वाइंट’’ जी5 पर रिलीज के लिए तैयार है। इसका निर्देशन फिल्मकार पति-पत्नी नितेश तिवारी और अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया है।

    भूपति (47) ने कहा कि इससे पहले भी कई फिल्म निर्माताओं ने दोनों की जिंदगी पर फिल्म बनाने को लेकर उनसे संपर्क किया था, लेकिन कुछ भी उन्हें उत्साहित नहीं करता था। दिग्गज टेनिस खिलाड़ी भूपति ने कहा, ‘‘जब मैंने सुना कि नितेश और अश्विनी हमसे बात करने को लेकर इच्छुक हैं, तो मैं बेहद रोमांचित था क्योंकि वे अद्भुत कहानीकार हैं। तभी मैंने लिएंडर से बात की और उसके बाद हमनें नितेश और अश्विनी के साथ फोन पर बात की। हमें लगता है कि इस वेब सीरीज के जरिए लोगों को हमारे बारे में रोचक जानकारियां मिलेगी और दर्शक इसे पसंद करेंगे।’’ भूपति ने 1999 में पेस के साथ विम्बलडन टूर्नामेंट के युगल मुकाबले के फाइनल में मिली जीत को सबसे खास बताते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारी सफलता का शिखर शायद 1999 में विम्बलडन का खिताब जीतना था। यह हम दोनों के लिए एक बड़ा सपना था और यह सच हो गया था। निश्चित रूप से वह क्षण विशेष महत्वपूर्ण थे।”’’

    भूपति ने 1991 में पेस के साथ अपनी पहली मुलाकात और फिर 1994 में जकार्ता में साथ में पहला टूर्नामेंट खेलने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ मैं साथ में खेलने को लेकर बेहद उत्साहित था। जब व्यक्तित्व की बात आती है तो हम दोनों बहुत अलग हैं। इसीलिए सपने देखना एक बात है, लेकिन उन्हें साकार करना अधिक महत्वपूर्ण बात है। मेरे लिए कड़ी मेहनत कर सपनों को पूरा करना बहुत महत्वपूर्ण था और हम ऐसा करने में सफल भी हुए जिस पर हमें बहुत गर्व है।’’ भूपति ने अपने साझेदार रहे पेस को एक गैर-परंपरागत खिलाड़ी बताते हुए उनकी प्रशंसा की और कहा, ‘‘वह एक महान टेनिस खिलाड़ी हैं। खेल के महत्वपूर्ण क्षणों में अपने प्रदर्शन को बेहतर करने की उनकी गज़ब की क्षमता है। वह एक सर्विस और वॉली विशेषज्ञ हैं जो हमें अक्सर टेनिस में देखने को नहीं मिलता है। कोर्ट के बाहर, वह एक बहुत ही उदार इंसान हैं। इसी कारण, हमारे बीच बहुत जल्दी दोस्ती हो गयी थी।’’

    एक समय देश में खेलों के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाने वाली पेस-भूपति की जोड़ी को ‘‘इंडियन एक्सप्रेस’’ के नाम से भी जाना जाता था। पेस और भूपति 1994 से 2006 के बीच लगातार साथ खेले और कई प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट जीते। इसके बाद यह जोड़ी दूसरी बार 2008 से 2011 के बीच भी टेनिस कोर्ट पर दिखाई दी और कई बार देश का प्रतिनिधित्व किया। पेस-भूपति की जोड़ी ने 1999 में प्रतिष्ठित विंबलडन का खिताब जीतने के अलावा 1999 और 2001 में दो बार फ्रेंच ओपन का युगल खिताब भी अपने नाम किया था।

    भूपति ने पेस के साथ जोड़ी टूटने के सवाल पर कहा, ‘‘यह हम दोनों के लिए बहुत कठिन समय था। व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए वह बेहद मुश्किल दौर था क्योंकि उस वर्ष मेरे कंधे की सर्जरी हुई थी और साथ ही जिंदगी में बहुत कुछ चल रहा था। मैं बहुत कुछ सोच रहा था जैसे कि क्या मैं दोबारा बड़े स्तर पर टेनिस खेल सकूंगा। क्या मैं दोबारा कामयाबी हासिल कर सकूंगा? क्योंकि कॉलेज के बाद लिएंडर मेरा पहला साथी था और मैं कभी किसी और के साथ नहीं खेला। इसलिए, यह बहुत कठिन समय था लेकिन हमने उसके बाद अच्छी वापसी की।’’ ‘ब्रेक प्वाइंट’ एक अक्टूबर से जी 5 पर प्रसारित होगी। (भाषा)