इस विधि से बनाएं ईद वाली किमामी सेवईंं

Loading

खाने के बाद मीठा खाना बहुत से लोगों को पसंद होता है। ऐसे में कई लोग खीर बना लेते हैं तो कई लोग मिठाई खा लेते हैं। लेकिन इन सबसे थोड़ा अलग आज हम आपके लिए लाए हैं किमामी सेवईंं की रेसिपी। आमतौर पर इसे ईद के मौके पर ही बनाया जाता है, लेकिन आप इसे कभी भी बनाकर अपने परिवार वालों को खुश कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि…

सामग्री 

  • महीन सेवईंं- 250 ग्राम
  • खोया भुना हुआ- 250 ग्राम
  • चिरौंजी- 3 चम्मच
  • छुहारा- 50 ग्राम
  • इलायची पाउडर- 1 चम्मच
  • ऑरेंज कलर- कुछ बूंद
  • काजू बारीक कटा हुआ- 4 चम्मच
  • बादाम बारीक कटा हुआ- 4 चम्मच
  • मखाना- 50 ग्राम 
  • घी- 25 ग्राम
  • चीनी- स्वाद अनुसार 

विधि-

  • किमामी सेवईंं बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी डालकर गर्म करें। फिर धीमी आंच पर सेवईंं को गोल्डन होने तक फ्राई कर लें। अब सेवईंं भुन जाएं तो प्लेट में निकाल लें। उसके बाद छुआरे के बीज निकाल कर इसके पतले स्लाइस कर लें। फिर पैन में थोड़ा घी डालें और काजू, बादाम, मखाना, चिरौंजी और छुहारे को डालकर धीमी आंच पर गोल्डन फ्राई कर लें। 
  • किमामी सेवईंं की चाशनी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में इलायची पाउडर, चीनी और डेढ़ कप पानी डालकर गर्म करें। 10 मिनट बाद इसमें एक चुटकी फिटकरी मिला दें। चाशनी में फिटकरी मिलाने पर आपको कुछ सफ़ेद सा फैना अलग होते हुये दिखेगा उसे कलछी से निकाल दें, ऐसा करने से चाशनी एकदम साफ बनेगी। 10 से 15 मिनट बाद एक तार की चाशनी बनने लगे तो चाशनी तैयार है। इसमें 2 बूंद ऑरेंज कलर मिला दें। 
  • अब चाशनी में भुना हुआ खोया, भुनी हुई सेवईंं और सभी सूखे मेवे को डालकर लगातार चलते हुए अच्छे से मिला लें। जब यह सूखने लगे तो गैस बंद कर दें। 
  • लीजिए तैयार है आपकी किमामी सेवईंं, अब इसे कटे हुए मेवों से गार्निश कर सर्व करें।