बच्चों के डाइट में अवश्य हों यह चीज़ें

Loading

हर वर्ष 1 से 7 सितंबर के बीच नैशनल न्‍यूट्रिशन वीक मनाया जाता है। जिसका मुख्‍य उद्देश्‍य लोगों को ज़रूरी पोषक तत्‍वों व पौष्टिक आहार के बारे में जागरुक करना है। साथ ही बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास सही तरीके से हो इसके लिए बच्चों को कुछ खास पोषक तत्वों की ज़रूरत होती है। इसलिए आज हम आपको बताने जा रहे हैं उन्हीं ज़रूरी पोषक तत्वों के बारे में, जो बच्चों के रोज़ाना डायट में ज़रूर होना चाहिए। ताकि वह स्वस्थ और मज़बूत रहें… 

फाइबर-
फाइबर से भरे आहार का सेवन हर उम्र के व्‍यक्ति के लिए महत्‍वपूर्ण होता है। इसका सेवन करने से शरीर में कई फायदे होते हैं। लेकिन बच्चों के लिए एक सीमित मात्रा में फाइबर ज़रूरी है। यह आपके बच्चों के पाचन को दुरुस्त रखने में मदद करता है और बचपन से होने वाले मोटापे के खतरे को भी कम करता है। बच्‍चों की डेली डायट में फाइबर युक्‍त फल जैसे- नाशपाती, ऐवकाडो, सेब, ओट्स, नट्स आदि और सब्जियां शामिल करें।

कैल्शियम-
बच्चों के लिए कैल्शियम बहुत ज़रूर होता है। क्‍योंकि यह बच्‍चों में मज़बूत हड्डियों और स्‍वस्‍थ दांतों के विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है। यह मांसपेशियों और हार्ट को हेल्दी रखने के लिए भी आवश्यक है। इसलिए बढ़ती उम्र के बच्‍चों को कैल्शियम युक्‍त फूड आइटम्स ज़रूर खिलाना चाहिए जैसे- दूध, पनीर, दही, पालक, ब्रॉकली, टोफू आदि। 

आयरन-
आयरन भी बच्‍चे के स्‍वस्‍थ विकास में अहम भूमिका निभाता है, क्‍योंकि यह रेड ब्लड सेल्‍स बनाने में मदद करता है, जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन ले जाने में मदद करता है। आयरन की कमी से एनीमिया और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए अपने बच्चे की डायट में आयरन शामिल करें जैसे- साबुत अनाज, बीन्स, नट्स, अनार, चुकंदर और हरी पत्तेदार सब्जियां।