सुनील छेत्री ने मेस्सी को पछाड़ा, अब सिर्फ रोनाल्डो से पीछे

    Loading

    दोहा. भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) के करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री (Sunil Chhetri) अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) को पीछे छोड़कर सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। छत्तीस वर्षीय छेत्री ने सोमवार को ​फीफा विश्व कप 2022 (FIFA World Cup) और एएफसी एशियाई कप 2023 के संयुक्त क्वालीफाइंग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भारत की तरफ से दोनों गोल किये। इस तरह से उनके कुल अंतरराष्ट्रीय गोल की संख्या 74 हो गयी है। विश्व कप क्वालीफायर में भारत की पिछले छह वर्षों में पहली जीत के नायक छेत्री सर्वाधिक गोल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) (103) से पीछे हैं।      

    छेत्री बार्सिलोना के स्टार मेस्सी से दो और यूएई के अली मबखौत से एक गोल आगे हैं। मबखौत 73 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मेस्सी ने पिछले गुरुवार को चिली के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर मैच में अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया था जबकि मबखौत ने मलेशिया के खिलाफ अपनी गोल संख्या में बढ़ोतरी की थी। छेत्री ने सोमवार को जासिम बिन हमाद स्टेडियम में 79वें मिनट में पहला गोल दागा और फिर इंजुरी टाइम में दूसरा गोल करके भारत की जीत सुनिश्चित की।

    भारतीय कप्तान सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालिक सूची में शीर्ष 10 में पहुंचने से केवल एक गोल पीछे हैं। वह हंगरी के सैंडो को​कसिस, जापान के कुनिशिगे कमामोतो और कुवैत के बाशर अब्दुल्लाह से एक गोल पीछे हैं। इन तीनों ने समान 75 गोल किये हैं। टीम की जीत और छेत्री के रिकॉर्ड पर खुशी व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कप्तान की आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिये प्रशंसा की। 

    पटेल ने ट्वीट किया, ”हमारे कप्तान सुनील छेत्री ने लियोनेल मेस्सी को पीछे छोड़कर 74 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचकर एक और उपलब्धि हासिल की। कप्तान को बहुत बहुत बधाई और भविष्य में इस तरह की अन्य उप​लब्धियों के लिये शुभकामनाएं।” इस जीत से भारत सात मैचों में छह अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत का अगला मैच 15 जून को अफगानिस्तान से होगा। (एजेंसी)