Shah

Loading

नई दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के साथ ही सार्वजनिक जीवन में भी उन्होंने बड़ा योगदान दिया। पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे।

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। अहमद पटेल जी का कांग्रेस पार्टी और सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान रहा। मैं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी समेत वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में पटेल के योगदान की सराहना की। कांग्रेस के वरिष्ठ रणनीतिकार पटेल (71) का गुरुग्राम स्थित एक अस्पताल में बुधवार की सुबह निधन हो गया। वह कोविड-19 से पीड़ित थे।

रुपाणी ने ट्वीट किया, “कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनके योगदान और सामाजिक कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों को शक्ति दे।” गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने पटेल को “बुद्धिमान और दृढ़ संकल्प वाला नेता” बताया। वाघेला ने ट्वीट किया, “उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और पार्टी के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि पटेल के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। चावड़ा ने ट्वीट किया, “यह कांग्रेस, गुजरात, राष्ट्र और व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए भारी क्षति है। पार्टी के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।” गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल जी के निधन से गहरी पीड़ा हुई है। दुख की इस घड़ी में मैं कामना करता हूं कि ईश्वर उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों को पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।” पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।