Ram Mandir
File Pic

Loading

नई दिल्ली: श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र (Shri Ram Janmabhoomi Tirath Shetra) के महासचिव चंपत राय (Champat Ray) ने रविवार को कहा कि, “मंदिर निर्माण (Temple Construction) को लेकर सिर्फ दो दिन में 100 करोड़ रुपए का दान मिल चुका है। इसका डेटा अभी तक मुख्यालय में नहीं पहुंचा है, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं से यह रिपोर्ट मिली है।” मात्र दो दिनों में इतनी बड़ी राशी चंदे से प्राप्त होने से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि लोगों में राम मंदिर निर्माण के लिए कितना उत्साह है। 

ज्ञात हो कि, राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिन्दू परिषद देश में जन संपर्क और योगदान अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत मंदिर निर्माण के लिए जनता एक रुपए से लेकर जितना चाहे उतना दान दे सकती है। 15 जनवरी से लेकर 27 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में देश के 65 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। 

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दान देकर शुरू किया अभियान

इस अभियान की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पांच लाख रुपए दान देकर शुरू की। इसी के साथ उपराष्ट्रपति वैंकैय्या नायडू ने भी पांच लाख रुपए मंदिर निर्माण के लिए दान किया। इसी के साथ देश के कई बड़े लोगों और नेताओं ने भी अपना योगदान मंदिर निर्माण में दिया।

गुजरात के व्यापारी ने दिए 11 करोड़ 

मंदिर निर्माण को लेकर जनता में कितना उत्साह है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूरत के एक हिरा व्यापारी गोविंद ढोलकिया ने 11 करोड़ रुपए की राशि ट्रस्ट को दान में दी। वहीं रायबरेली जिले के तेजगांव सीट से पूर्व विधायक  सुरेंद्र बहादुर सिंह ने 1,11,11,111 रुपए का चेक ट्रस्ट महासचिव चंपत राय को दिया। 

मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और राज्यपालों ने भी दिया दान 

अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और राज्यपालों ने भी बढ़ चढ़कर दान दिया। इस सूची में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के त्रिवेंद्र सिंह रावत, यूपी के योगी आदित्यनाथ, गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल शामिल है। इसी के साथ उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य सहित उत्तर प्रदेश और झारखंड के राज्यपालों ने भी मंदिर निर्माण के लिए अपना योगदान दिया। 

अक्षय कुमार ने दिया दान

राम मंदिर निर्माण के लिए सेलेब्रिटी भी दान देने में पीछे नहीं है. बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार ने मंदिर के लिए दान किया, इसी के साथ लोगों को भी इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, “बहुत खुशी की बात है कि अयोध्या में हमारे श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो चूका है…अब योगदान की बारी हमारी है। मैंने शुरुआत कर दी है, उम्मीद है आप भी साथ जुड़ेंगे। जय सियाराम।”