ghanshyam

Loading

जयपुर.  राजस्‍थान (Rajasthan) के पूर्व मंत्री व भारत वाहिनी पार्टी के संस्थापक घनश्याम तिवाड़ी (Ghnashyam Tiwadi) शनिवार को वापस भाजपा (BJP) में लौट आए। यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां (Satish Punia) ने तिवाड़ी का स्वागत किया।

पूनियां ने कहा कि तिवाड़ी ने भाजपा में लौटने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से अनुरोध किया था जिसकी स्वीकृति के बाद वह ससम्मान भाजपा में लौट रहे हैं। तिवाड़ी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनके रग रग में समाई हुई है और भले ही कुछ तात्कालिक मुद्दों के चलते उन्होंने अलग होकर भारत वाहिनी पार्टी बनाई लेकिन मन से हमेशा ही वह भाजपा के साथ रहे।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस में औपचारिक रूप से कभी शामिल नहीं हुए। वह एक बार कांग्रेस के मंच पर जरूर गए लेकिन उसके प्राथमिक सदस्य नहीं बने। उल्‍लेखनीय है कि राजस्थान के कद्दावर नेता और भाजपा से कई बार विधायक रहे घनश्याम तिवाड़ी की वसुंधरा राजे से पटरी नहीं बैठी। वह 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा से अलग हो गए। उन्‍होंने भारत वाहिनी पार्टी बनाई जिसने 2018 के विधानसभा चुनाव में 63 सीटों पर चुनाव भी लड़ा लेकिन तिवाड़ी सहित उसके सभी उम्‍मीदवार हार गए।