एमपी के गृहमंत्री और कानपुर के नेताओं से हो पूछताछ: आजमी

Loading

नई दिल्ली. समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने विकास दुबे एनकाउंटर मामले पर सवाल उठाए है। अबू आज़मी ने कहा कि, पुलिस के कंधे पर बंदूक रखकर इस मामले में पीछे के लोगों को बचाया जा रहा है। कोई भी कहानी बनाकर जैसे कि गाड़ी पलटी, दुबे बंदूक लेकर भाग रहा था इन बातों पर कोई विश्वास नहीं करेगा। इसलिए अबू आज़मी ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महासंचालक को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा जो कानपुर के प्रभारी थे और आस पास से जीते सभी जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की मांग की है। 

अबू आज़मी ने कहा, विकास दुबे को पकड़ते हुए हमारे जांबाज आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए। इसलिए ऐसे आरोपी को जिंदा रहने का कोई अधिकार नहीं है। लेकिन विकास दुबे के संपर्क में आये सभी नेता जो फोन पर बात कर रहे थे इन सभी की जांच होनी चाहिए। साथ ही मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा जो कानपुर के प्रभारी थे और आस पास से जीते सभी जनप्रतिनिधियों से पूछताछ होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम और विकास दुबे में कुछ संबंध हो सकते है। 

अबू आज़मी  ने सवाल उठाते हुए कहा, मध्य प्रदेश जाने में विकास की किसने मदद की और और वहां पहुंचने के लिए विकास ने किससे संपर्क किया इन सभी बातों की जांच होनी चाहिए। साथ ही विकास दुबे से पूछताछ हुई होती तो कई बड़े नाम सामने आ सकते थे। अबू आज़मी ने कहा कि, विकास दुबे बड़ा आरोपी था लेकिन उससे भी ज्यादा खतरनाक वह लोग है, जो विकास की मदद कर रहे थे। 

बता दें कि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी विकास दुबे एनकाउंटर मामले में सवाल उठाये। प्रियंका ने कहा, अपराधी का अंत हो गया, लेकिन अपराध और उसको संरक्षण देने वाले लोगों का क्या होगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको संरक्षण देने वाले लोगों का क्या?