जो बोलते, वो करने भी दिखाते है, गडकरी नागपुर को नंबर-1 बनाने में जुटे
File Photo

    Loading

    नागपुर: केंद्रीय परिवहन और उद्योग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) का आज 63वां जन्मदिन (Birthday) है। इस मौके पर सांसद (राज्यसभा) और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु (Suresh Prabhu) ने नितिन गडकरी को बधाई देते हुए कहा कि, माननीय श्री नितिन गड़करी जी वर्तमान भारतीय राजनीतिक पटल के एक ऐसे आधारस्तंभ हैं, जो अद्वितीय एवं अनूठा हैं। उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपनी असीम क्षमताओं की अमिट छाप छोड़ी है। राष्ट्र-सेवा और जन-सेवा को वे अपना परमो धर्म मानते हैं। चाणक्य की तरह उनमें प्रशासनिक व सांगठनिक क्षमता है। वे न सिर्फ एक कुशल व सक्षम प्रशासक वरन एक अच्छे इंसान भी हैं। वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी की मदद करने के लिए तत्पर रहते हैं। वे सचमुच में भारतीय राजनीति के ‘अजातशत्रु’ हैं। 

    महाराष्ट्र के लोक निर्माण विभाग के मंत्री के रूप में उनकी उपलब्धियां अपार हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और मुंबई में फ्लाईओवर उन्हीं की देन हैं।पूज्य बाजपेयी जी ने उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी संपर्क मार्ग के बारे में रिपोर्ट तैयार करने का दायित्व दिया था। उन्हीं की रिपोर्ट का सुखद नतीजा सड़क मार्ग के सुधार के रूप में परिलक्षित हो रहा है। 

    बढ़ाया भाजपा का जनाधार

    भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद को सुशोभित करने के बाद उन्होंने पार्टी-संगठन में आमूलचूल परिवर्तन किया। जिसके परिणामस्वरूप पार्टी के जनाधार में अपार वृद्धि हुई। प्रारंभ से ही मेरा गड़करी जी के साथ आत्मीय संबंध रहा है। उनकी कार्यशैली का मैं कायल हूँ। जब भी हम दोनों मिलते थे तो मुझे उनसे कुछ न कुछ नया सीखने का अवसर प्राप्त होता था। मेरे लिए यह बहुत हर्ष और गर्व की बात है कि मुझे उनके व्यक्तित्व के कुछ पहलुओं को ‘नवभारत’ के पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करने का सुवसर मिला है। भारतीय राजनीति के अजातशत्रु गड़करी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए मैं अपने शब्दों को विराम देता हूँ। 

    कर रहे विश्वस्तरीय राजमार्गों का निर्माण

    केंद्रीय मंत्री के रूप में गड़करी जी सड़क परिवहन व राजमार्ग के गुणवत्ता एवं विकास को निरंतर उच्च शिखर की ओर ले जा रहे हैं। उनकी लगनशीलता और मेहनत के कारण ही आज देश में विश्वस्तरीय राजमार्गों का निर्माण हो रहा है।   

    सुरेश प्रभु

    सांसद (राज्यसभा) और पूर्व केंद्रीय मंत्री