Pakistani Website Hack

Loading

नई दिल्ली. आज देश भर में 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जश्न का माहौल है। इस बीच आरोप हैं कि भारतीय हैकर्स ने एक बार फिर पाकिस्तान की वेबसाइटों को निशाना बनाया है। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले यानी पाकिस्तानी स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय हैकर्स ने पाकिस्तान की फातिमा जिन्ना महिला विश्वविद्यालय की वेबसाइट को हैक कर लिया। इस वेबसाइट में भगवान राम की तस्वीर भी लगा दी गई। इसके साथ ही लिख दिया गया- रामलला हम आएंगे, मंदिर कराची और लाहौर में भी बनाएंगे।

इस संबंध में पाकिस्तान की एक पत्रकार नायला इनायत ने अपने अधिकारीक ट्विटर अकॉउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वेबसाइट के पेज पर सबसे ऊपर तिरंगा झंड़ा लहरा रहा है। इसके साथ ही ‘सत्यमेव जयते’ भी लिखा हुआ है। वहीं नीचे तिरंगा झंडा लेकर दौड़ते बच्चों की तस्वीर है। इस जगह ‘स्वतंत्रता दिवस की बधाई’ भी दी गई है।

वहीं, वीडियो में भगवान राम की धनुष लिए हुए एक तस्वीर दिखाई दे रही है। इसके ठीक नीचे एक सन्देश लिखा है। सन्देश में लिखा है, “रामलला हम आएंगे, मंदिर कराची और लाहौर में भी बनाएंगे।” इसके नीचे वेबसाइट पर और एक सन्देश लिखा गया है कि “हजारों लोगों ने कुर्बानियां दी हैं, इस वजह से आज हमारा देश इस दिन को मना रहा है। उनकी कुर्बानियों को नहीं भूल सकते। हैप्पी इंडीपेंडेंस डे।”

यह पहली बार नहीं है जब भारतीय हैकरों ने स्वतंत्रता दिवस पर पाकिस्तान की वेबसाइटों को हैक किया है। इससे पहले भारतीय हैकरों ने 2017 और 2018 में इसी तरह वेबसाइट हैक किया था। वहीं, कुछ दिन पहले ही भारतीय हैकरों ने पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट ‘डॉन’ को हैक किया था और इसी तरह का सन्देश लिखा था।