Rahul

Loading

नयी दिल्ली. कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को लोगों का आह्वान किया कि वे किसानों के आंदोलन (Farmers Protest) और पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों के मुद्दों को लेकर पार्टी की ओर से आहूत विरोध प्रदर्शनों एवं ‘सत्याग्रह’ (Satyagrah) में शामिल हों।

बता दें कि तमिलनाडु दौरे के बाद आज यानि शुक्रवार को दिल्ली में राहुल गांधी आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में किसान अधिकार दिवस का नेतृत्व करेंगे। नए कृषि कानूनों के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से दिल्ली में गवर्नर हाउस तक विरोध मार्च निकाला जाएगा। राहुल गांधी राजधानी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विरोध मार्च का आज नेतृत्व करेंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस शुक्रवार को ‘किसान अधिकार दिवस’ मना रही है। इसके तहत पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और राज्यपालों एवं उप राज्यपालों को ज्ञापन सौंपेंगे। मुख्य विपक्षी पार्टी ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में ‘स्पीकअप फॉर किसान अधिकार’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान भी चलाया है।

मोदी सरकार द्वारा लाये गए विवादस्पद कृषि कानूनों के खिलाफ आज कांग्रेस पार्टी किसान अधिकार दिवस मना रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किया जा रहा है, वहीं दिल्ली में कमान खुद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संभाली है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिए अहंकारी मोदी सरकार के ख़िलाफ़ सत्याग्रह कर रहे हैं। आज पूरा भारत किसानों पर अत्याचार व पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों के विरुद्ध आवाज़ बुलंद कर रहा है। आप भी जुड़िये और इस सत्याग्रह का हिस्सा बनिये।”