Nitish-Kumar-lalu-yadav-and-sonia-gandhi

    Loading

    नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) और राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (LaluYadav) ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi ) से रविवार को 10 जनपथ पर मुलाकात की। हरियाणा के फतेहाबाद में चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित इनेलो की ‘सम्मान दिवस रैली’ के बाद सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) लालू यादव (Lalu Yadav) के साथ दस जनपथ पहुंचे थे। 

    बिहार में नई सरकार बनाने के बाद पहली बार सीएम नीतीश कुमार और कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की है। वहीं, इनके आलावा बाद लालू यादव भी कई सालों बाद दस जनपथ पहुंचे। उन नेताओं की बैठक में आगामी 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकजुटता पर चर्चा की गई है। 

    बीजेपी का सफाया होगा

    इस मुलाकात से पहले राजद के अध्यक्ष लालूप्रसाद यादव ने शनिवार को कहा था कि, बीजेपी का सफाया होगा। वहीं, उन्होंने बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन पर हमला करने को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा था। 

    लालू यादव का भाजपा पर हमला 

    कई बीमारियों के चलते लालू यादव फ़िलहाल सक्रिय राजनीति से दूर हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद राजद प्रमुख ने कहा, “अमित शाह बिल्कुल पगलाये हुए हैं। वहां (बिहार में) उनकी सरकार हटा दी गई है। 2024 में उसका (बीजेपी का) सफाया हो जाएगा। यही वजह है कि वह दौड़ते हुए वहां जा रहे हैं और जंगलराज एवं वे सारी बातें कह रहे हैं, जब वह गुजरात में थे, तब उन्होंने क्या किया। जब वह गुजरात में थे, तब वहां जंगल राज था।” 

    आरजेडी प्रमुख से जब कहा गया कि, बीजेपी कह रही है कि नीतीश कुमार सत्ता की अपनी भूख में बाद में राजद को त्याग देंगे, जिस पर जवाब देते हुए लालू यादव ने कहा कि, अब वे दोनों साथ हैं। उन्होंने आगे कहा कि, “हम विपक्षी एकता की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।”

    भाजपा की पीठ में छुरा घोंपा 

    उल्लेखनीय है कि, गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा की पीठ में छुरा घोंपने और ‘कांग्रेस एवं राजद की गोद में बैठकर’ प्रधानमंत्री बनने का सपना साकार करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।