आरजेडी-जेडीयू में सब ठीक नहीं! सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार की जगह तेजस्वी यादव को सौंपा इस्तीफा

    Loading

    पटना: बिहार की सियासत (Bihar Politics) में खलबली मच गई है। बड़ी खबर के अनुसार नीतीश कैबिनेट (Nitish Cabinet) के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह के बाद अब कृषि मंत्री और राजद नेता सुधाकर सिंह (Agriculture Minister Sudhakar Singh Resign) ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

    चौकाने वाली बात ये रही कि, उन्होंने अपना इस्तीफा डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) को अपना सौंपा है। इस बात की पुष्टि राजद प्रदेश अध्यक्ष व सुधाकर सिंह के पिता जगदानंद सिंह ने भी की है। हालांकि, अभी तक इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है।

    सुधाकर सिंह के पिता और आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि, कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने किसानों के लिए आवाज उठाई है। लेकिन उन्हें बलिदान भी देना पड़ा है, इसी वजह से उन्होंने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। 

    बताया था खुद को चोरों का सरदार

    बता दें कि, नीतीश कैबिनेट में शामिल हुए सुधाकर सिंह तब सुर्ख़ियों में आए थे, जब उन्होंने बयान दिया था कि कृषि विभाग में कई चोर लोग हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि, वह उन चोरों के सरदार हैं। सुधाकर सिंह ने कहा कि उनके ऊपर भी और कई सरदार मौजूद हैं। कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को भी फटकार लगाई थी।

    नीतीश कुमार ने दी थी नसीहत

    जिसके बाद, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘चोरों के सरदार’ वाले बयान पर सुधाकर सिंह को नसीहत दी थी कि, वो ऐसे बयान देने से बचें। लेकिन, बाद में उन्होंने कैबिनेट की बैठक के बाद अपने पद से इस्तीफा देने की धमकी दी थी। नीतीश कुमार ये सुनकर सकते में आ गए थे। बताया जाता है नीतीश के पूछने के बावजूद भी सुधाकर सिंह अपने बयान पर कायम रहे थे। साथ ही आरोप लगाया था कि कृषि विभाग के सभी अधिकारी भ्रष्ट थे। 

    सुधाकर सिंह पर चावल घोटाले का आरोप 

    बता दें कि, सुधाकर सिंह साल 2013 में हुए चावल घोटाले के आरोपी भी हैं। इस घोटाले के लिए उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज है। इसी को लेकर विपक्ष उन पर लगातार हमला भी करता हुआ आया है। ऐसे में सुधाकर सिंह के बयान को लेकर नीतीश कुमार के साथ उनकी जबानी झड़प को देखकर ऐसा लगता है इस महागठबंधन सरकार में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है।