Photo:@ANI/Twitter
Photo:@ANI/Twitter

    Loading

    पटना. बिहार में नितीश कुमार (Nitish Kumar) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन छोड़ राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के साथ गठबंधन कर सरकार बना ली। अब राजद (RJD) और जद (यू) (JDU) की नई सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार कल यानी 16 अगस्त को होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैबिनेट का विस्तार मंगलवार सुबह 11:30 बजे होगा। वहीं, चर्चा है कि नए मंत्रिमंडल में तेज प्रताप को मंत्री बनाया जाएगा।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के अपने अधिकांश मंत्रियों को बनाए रखने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार सरकार में कुल 36 मंत्री हो सकते हैं। जिनमें RJD के 15, कांग्रेस के 2 और JDU के 12 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता हैं।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, JDU के पास गृह, सतर्कता, शिक्षा, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक मामले, समाज कल्याण और जल संसाधन विभाग होने की संभावना है। वहीं, RJD को वित्त, वाणिज्यिक कर, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण और वन जैसे विभाग मिल सकते हैं।

    गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले हफ्ते भाजपा पर जदयू को विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए राजग से बाहर निकलने की घोषणा करते हुये विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल से हाथ मिला लिया था। नीतीश ने इस्तीफे के तुरंत बाद, राजद, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन के समर्थन से नई सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के समक्ष पेश किया। बिहार में अचानक हुआ यह राजनीतिक उथल-पुथल भाजपा के लिए एक बड़ा झटका था। हाल ही में, पार्टी ने राज्य में 2024 का आम चुनाव एवं 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ने की एकतरफा घोषणा की थी।