kovind-modi

Loading

नई दिल्ली. एक बड़ी खबर के अनुसार, एक देश एक चुनाव (One Nation-One Election) पर केंद्र सरकार ने कमेटी बना दी है। मामले पर न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। आज इसका नोटिफिकेशन जारी हो सकता है। जी हां, केंद्र सरकार ने देश में ‘एक देश-एक चुनाव’ के लिए कमेटी गठित कर दी है। रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी बिल के कानूनी पहलुओं पर विचार करेगी।

इस बाबत केंद्र सरकार ने आगामी 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। संभव है कि एक देश एक चुनाव पर सरकार बिल भी ला सकती है। उधर केंद्र की बनाई कमेटी एक देश एक चुनाव के कानूनी पहलुओं पर गौर करेगी। साथ ही इसके लिए आम लोगों से भी राय लेगी।

इधर, कांग्रेस ने मोदी सरकार के फैसले का जमकर विरोध किया है। इस बाबत लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि, आखिर एक देश एक चुनाव की सरकार को यूं अचानक क्या जरूरत आन पड़ी।

18 से 22 सितंबर तक दोनों सदनों का विशेष सत्र

मामले पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में बताया कि, आगामी 18 से 22 सितंबर तक दोनों सदनों का विशेष सत्र रहेगा। यह 17वीं लोकसभा का 13वां और राज्यसभा का 261वां सत्र होगा। इसमें 5 बैठकें भी होंगी। 

वहीं जोशी ने यह भी बताया कि, सत्र बुलाने के पीछे कोई एजेंडा नहीं है। साथ उन्होंने इस जानकारी के साथ पुराने संसद भवन की फोटो शेयर की है। कयास हैं कि, सत्र पुराने संसद भवन से शुरू और नए में जल्द खत्म होगा।