“कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग की बन गई है लीडर”, राहुल गांधी के दो भारत वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार

    Loading

    नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो भारत और संविधान में राष्ट्र नाम नहीं वाले बयान पर करारा जवाब दिया है। सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देते हुए पीएम ने कहा कि, “कांग्रेस की नीति फूट डालो और राज करो की रही है, इसलिए यह ‘टुकड़े, टुकड़े गिरोह’ की नेता बन गयी है।”

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “सदन में राष्ट्र को लेकर जो बातें हुईं, वो हैरान करने वाली हैं। मैं अपनी बात रखने से पहले एक बात दोहराना चाहता हूं। ये जानकारी बेहद हैरत में डालने वाली है कि बंगाली मराठी, गुजराती, तमिल, आंध्र, ओडिया, असमी, कन्नड़, मलयाली, सिंधी, कश्मीरी और हिंदुस्तानी भाषा-भाषी जनता से पटा हुआ मध्य भाग कैसे अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं।”

    उन्होंने कहा, “इसके बावजूद इनके गुण दोष कमोबेश एक जैसे हैं। इनकी परंपरा पुराने अभिलेखन से मिलती है। वे ऐसे भारतीय बने रहे जिनकी ऐतिहासिक विरासत एक ही थी। ये कोट है। हम भारतीयों की विविधता को बताते हुए दो शब्द गौर करने वाले हैं- राष्ट्रीय विरासत। ये बात है नेहरु जी की किताब भारत की खोज में। हमारी विविधताएं एक हैं।”

    संविधान में राष्ट्र शब्द नहीं कह किया अपमान

    राहुल पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “इस सदन का ये कहकर अपमान किया गया कि हमारे संविधान में राष्ट्र शब्द नहीं आता। कांग्रेस ये अपमान क्यों कर रही है, मैं इस पर विस्तार से अपनी बात रखूंगा। राष्ट्र कोई सत्ता या सरकार की व्यवस्था नहीं है। हमारे लिए राष्ट्र एक जीवित आत्मा है। इसे हजारों सालों से देशवासी जुड़े हुए हैं और जूझते रहे हैं।”

    विष्णु पुराण के उल्लेख किया जवाब

    सनातन धर्म में विष्णु पुराण में लिखे उपदेश का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा, “हमारे यहां विष्णु पुराण में कहा गया है, ये किसी भाजपा वाले ने नहीं लिखा है। इसमें कहा गया है- समुद्र के उत्तर में और हिमालय के दक्षिण में जो देश है उसे भारत कहते हैं और उनकी संतानों को भारतीय कहते हैं। विष्णुपुराण का ये श्लोक अगर कांग्रेस के लोगों को स्वीकार नहीं है तो मैं एक और कोट इस्तेमाल करुंगा।”

    कांग्रेस की नीति बांटो और राज करो

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए आरोप पर पीएम ने कहा, “यहां तमिल सेंटिमेंट को आग लगाने की भारी कोशिश की गई। कांग्रेस की जो परंपरा अंग्रेजों से विरासत में आई है। तोड़ो और राज करो, बांटो और राज करो।” प्रधानमंत्री ने तमिल भाषा के महाकवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती की कविता का उल्लेख करते हुए कहा, “ये है स्वर्णिम देश हमारा, आगे कौन जगत में हम थे। यह है भारत देश हमारा। यह है भारत देश हमारा।””

    पीएम ने आगे कहा, “ये भारती जी की कविता का भाव है। मैं आज तमिल के सभी भाषियों से कहना चाहूंगा कि जब हमारे सीडीएस रावत के चॉपर का एक्सिडेंट हुआ तब हमारे तमिल भाई-बहन घंटो तक इंतजार करते रहे। जब सीडीएस रावत का शव वहां से निकल रहा था तो लोग आंखों में आंसू लेकर, वहां फूल बरसाकर नारे लगा रहे थे- वीर वणक्कम, वीर वणक्कम। बांटो और राज करो ये कांग्रेस ने अपना चरित्र बना लिया है। आज कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग की लीडर बन गई है।”

    निराशावादी लोग अलगाव की जड़ो को कर रहे मजबूत

    कांग्रेस पर अलगाव वाद बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा, “जो लोकतंत्र की प्रकिया से हमें रोक नहीं पा रहे हैं, वे यहां हमें अनुशासनहीनता से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यहां भी असफलता मिलेगी। कांग्रेस की सत्ता में आने की इच्छा खत्म हो चुकी है, लेकिन जब कुछ मिलने वाला नहीं है, तो बिगाड़ तो दो। इस फिलोसफी पर आज निराशावादी देश में वो बीज बो रहे हैं, जो अलगाव की जड़ों को मजबूत करने वाले हैं।”

    देश एक है और रहेगा

    पीएम ने कहा, “सदन में ऐसी बातें हुईं, जिसमें लोगों को उकसाने का भरपूर प्रयास किया गया। अगर पिछले सात साल में कांग्रेस के हर कारनामे को देखेंगे तो इनका गेमप्लान क्या है, वो बिल्कुल समझ आता है। आपका गेमप्लान कोई भी हो, ऐसे बहुत से लोग आए और चले गए। लेकिन ये देश अजर-अमर है। इस देश को कुछ नहीं हो सकता। आने वालों को इस तरह की कोशिश करने वालों को हमेशा कुछ न कुछ गंवाना पड़ा है। ये देश एक था, श्रेष्ठ था, ये देश एक है और श्रेष्ठ है। और आगे भी रहेगा।”