Gandhi Family
Photo: Twitter

    Loading

    नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में शर्मनाक हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के इस्तीफे (Resignation) वाली खबर तेजी से वायरल होने लगी हैं। वायरल हो रही खबर के मुताबिक कल कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में गांधी परिवार के तीनों लोग इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस ने इस खबर को ख़ारिज कर दिया।

    रणदीप सुरजेवाला लगाए आरोप

    कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए कहा, “अज्ञात सूत्रों के आधार पर एनडीटीवी पर कथित इस्तीफे की खबर पूरी तरह से अनुचित, शरारती और गलत है। एक टीवी चैनल के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के कहने पर काल्पनिक सूत्रों से निकलने वाली इस तरह की निराधार प्रचार कहानियों को प्रसारित करना अनुचित है।” 

    2019 में राहुल गांधी दे चुके हैं इस्तीफा

    2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही हैं।

    पांचों राज्यों में कांग्रेस फेल

    उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मिली शर्मनाक हार मिली है। पंजाब में जहां उसने सत्ता गवाईं, वहीं उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने का मौका गवां दिया। दोनों राज्यों में उसे क्रमशः 19 और 11 सीटें मिली। मणिपुर में पिछली बार पार्टी को 28 सीटें मिली थी। वहीं, इस बार उसे केवल 5 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। कांग्रेस की सबसे बुरी हालत उत्तर प्रदेश में हुई। राज्य में प्रियंका गांधी की लगातार सक्रियता कोई काम में नहीं आई। यूपी के इतिहास में कांग्रेस अपना सबसे ख़राब प्रदर्शन करते हुए केवल 2 सीट जीत पाई।