cyrus mistry
File Pic

    Loading

    मुंबई/नई दिल्ली: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में मौत (Cyrus Mistry Car Accident) के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महाराष्ट्र की कासा पुलिस ने दुर्घटना के दौरान गाड़ी चला रही अनाहिता पंडोले पर धारा 304 (ए), 279, 336, 338 के तहत मामला दर्ज किया है। पति डेरियस पंडोले का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पालघर एसपी बालासाहेब पाटिल ने इसकी पुष्टि की।

    पालघर पुलिस के मुताबिक, अनाहिता पंडोले का इलाज चल रहा है। वे अभी भी आईसीयू में हैं। पता हो कि, टाटा संस के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की मर्सिडीज-बेंज कार सितंबर में महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक पुल पर हादसे की शिकार हो गई थी।  इस सड़क दुर्घटना में मिस्त्री की मौत हो गई थी। 

    मिस्त्री के कार हादसे में निधन को लेकर बड़ा खुलासा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, उस वक्त कार डॉ. अनाहिता पंडोले चला रही थीं। वह और उनके पति डेरियस पंडोले गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि सायरस मिस्त्री और एक अन्य की मौत हो गई थी। 

    डॉ. अनाहिता पंडोले के पति डेरियस पंडोले ने पुलिस से कहा कि, उनकी पत्नी डॉ. अनाहिता कार को थर्ड लेन में चला रही थी और दूसरी लेन में नहीं जा सकी थी। उनके आगे चल रही एक अन्य कार ने लेन बदली थी, लेकिन अचानक एक ट्रक को देखकर अनाहिता तीसरी लेन से दूसरी में कार नहीं ला सकीं और इसी दौरान पुल की रेलिंग से टकराकर हादसे का शिकार हो गईं।

    डेरियस पंडोले की अस्पताल से छुट्टी

    पालघर के कासा थाने के अधिकारियों ने मंगलवार को डेरियस पंडोले (60) का उनके घर पर बयान दर्ज किया था। इसी थाना क्षेत्र में चार सितंबर को यह दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में सायरस मिस्त्री (54) और उनके दोस्त जहांगीर पंडोले की मौत हो गई थी। वहीं, कार चला रहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अनाहिता (55) और उनके पति डेरियस को गंभीर जख्मी हुए थे। दुर्घटना के बाद डेरियस पंडोले को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें पिछले ही हफ्ते अस्पताल से छुट्टी मिली है। पुलिस ने उनके आवास पर उनका बयान दर्ज किया। 

    हालांकि, डेरियस पंडोले चार सितंबर के हादसे का घटनाक्रम आसानी से याद नहीं कर सके। लेकिन उन्हें याद दिलाने पर उन्होंने बताया कि, डॉ. अनाहिता तीसरी लेन में कार चला रही थी। उनके आगे चल एक अन्य कार तीसरी से दूसरी लेन में गई, इसी दौरान उनकी पत्नी ने भी दूसरी लेन में कार ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तभी एक ट्रक उस लेन में सामने दिखा तो वह संकरी दूसरी लेन में कार नहीं ले जा सकी और इसी दौरान रेलिंग से टकरा गई। हादसे में मृत जहांगीर पंडोले डेरियस के भाई हैं। मिस्त्री के साथ ये सभी गुजरात के उदवाड़ा से मुंबई लौट रहे थे।

    डॉ. पंडोले नहीं हुईं ठीक

    पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने पुष्टि की कि पंडोले का बयान दर्ज किया गया है। हालांकि, उनकी पत्नी डॉ. पंडोले का अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है, उनका बयान दर्ज किया जाना है। पाटिल ने कहा कि मर्सिडीज-बेंज हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है।