Dengue outbreak in Bijwadi
Representative Photo

    Loading

    नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में डेंगू (Dengue Outbreak) का तांडव लगातार जारी है। राजधानी दिल्ली (Delhi) में एक सप्ताह के भीतर डेंगू के एक हजार से अधिक मरीज सामने आए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में भी हालात ठीक नहीं हैं। यहां साल 2016 के बाद सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। पंजाब (Punjab) और राजस्थान (Rajasthan) में भी डेंगू ने कहर बरपाया है। 

    ज्ञात हो कि पंजाब में हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां पैरासिटामोल की कमी हो गई है। जम्मू-कश्मीर की बात की जाए तो यहां 1100 से अधिक मरीज डेंगू के मिले हैं। दिल्ली में एक सप्ताह के भीतर डेंगू के 1 हजार 171 मामले सामने आए है। इस साल अब तक कुल मामलों की बात करें तो वह दो हजार से अधिक है। सितंबर और अक्टूबर  महीने में भारी बरसात के चलते जगह-जगह पानी भरा है। जिसके कारण डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों में तेजी आयी है। 

    गौर हो कि उत्तर प्रदेश में अब तक 23 हजार से अधिक मामले डेंगू के दर्ज हुए हैं।  सबसे अधिक मामले फिरोजाबाद, लखनऊ, झांसी, गाजियाबाद और प्रयागराज में दर्ज हुए हैं। साल 2016 के बाद सबसे अधिक 23,065 केस सामने आए है।  पंजाब में डेंगू ने कहर बरपाया है। सूबे में डेंगू के 18 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। साथ ही 60 लोगों की जान गई है।  मोहाली, अमृतसर, भटिंडा, पठानकोट सबसे अधिक प्रभावित वाले जिले हैं।   

    उल्लेखनीय है कि राजस्थान में भी डेंगू ने तांडव मचाया हुआ है। राज्य में 13 हजार से अधिक मरीज सामने आए हैं। साथ ही सूबे में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। सवाई मान सिंह सरकारी अस्पताल में डेंगू की चपेट में आने से 58 लोगों की जान गई है। जम्मू-कश्मीर में भी डेंगू के केस तेजी से बढ़ें हैं। यहां अब तक 1,175 केस डेंगू के दर्ज हुए हैं।