HARYANA

    Loading

    हरियाणा. सुबह की एक बड़ी सनसनीखेज खबर के अनुसार हरियाणा (Haryana) के बहादुरगढ़ (Bahadurgarh) में अल सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। जी हाँ यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुछ महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल (Accident) दिया है। इससे भयंकर हादसे में तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई और वहीं 3 की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मौके पर पुलिस ने पहुंचकर अपनी जांच शुरू कर दी है। 

    वहीं जानकारी के मुताबिक, ये हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के करीब झज्जर रोड पर हुआ है। बताया जा रहा है कि यहाँ कुछ बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर पर बैठी हुई थीं, तभी उनके ऊपर एक तेज रफ्तार ट्रक आकर चढ़ गया। इससे मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोडा है। वहीं तीन महिलाओं की हालत अब भी बहुत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

    बताया जा रहा है कि ये महिलाएं किसान आंदोलन में भी शामिल थीं। वहीं हादसे में जान अपनी गंवाने वालीं तीनों महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की रहने वालीं बतायी जा रही हैं। ये भी खबर है कि सुबह-सुबह महिलाएं वापस अपने घर जाने के लिए ऑटो के इंतजार में डिवाइडर पर बैठी हुई थीं। तभी झज्जर रोड पर फ्लाइओवर के नीचे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें बुरी तरह से कुचल दिया। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग दहशत में आ गए हैं। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और अपनी जांच शुरू कर दी है।

    बता दें कि केंद्र सरकार के विवादस्पद तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बीते नवंबर 2020 से दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का एक बड़ा आंदोलन चल रहा है। इसी आंदोलन से उक्त तीनों मृत महिलाएं भी जुड़ी हुई थीं। ये महिलाएं अब रोटेशन के तहत अपने घर जाने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही मौत ने उन्हें अपनी आगोश में ले लिया।