Heavy Snowfall
Representative Photo

    शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में भीषण बर्फबारी (heavy snowfall) हो रही है। यहां चारों तरफ बर्फ की चादर बिछी है। लगातार हो रही बर्फबारी से यातायात (Traffic) पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बर्फबारी के कारण 3 राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) सहित 476 सड़कें बंद हैं। हिमाचल प्रदेश में आज का न्यूनतम तापमान केलांग -8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

    शिमला के नारकंडा की पहाड़ियों में ताजा हिमपात देखने को मिला। वहीं दूसरी ओर जम्मू कश्मीर के डोडा के पहाड़ों पर ताज़ा हिमपात देखने को मिला। उत्तराखंड के जोशीमठ-औली मोटरमार्ग और चमोली-कुंड राजमार्ग 107 भारी हिमपात के चलते बाधित है।

    पहाड़ी इलाके में बर्फबारी के कारण राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में मंगलवार सुबह की शुरुआत ठंड के साथ हुई। दिल्ली का पारा 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार हुआ और वह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया।  शहर में सोमवार को सुबह साढ़े आठे बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी थी।  

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। सोमवार को शहर में न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों ने मध्यम कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।