Sagar Singh Kalsi on security arrangements ahead of R-Day, at Red Fort
Photo: @ANI/Twitter

    Loading

    नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय पर्व होने के चलते सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ जाती है। दिल्ली पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकन्ना है। इस मौके पर किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो इसलिए पुलिस ने संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर गतिविधि तेज कर दी है।

    दिल्ली पुलिस ने सोमवार को होटल्स, गेस्ट हाउस और सिनेमा हॉल में जाकर जांच पड़ताल की। यहां रह रहे लोगों से पूछताछ की। बड़े बाजारों में भी सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था पर डीसीपी नॉर्थ सागर सिंह कलसी ने कहा कि,  हम होटल, गेस्ट हाउस और सिनेमा हॉल में डोर-टू-डोर सत्यापन करते हैं। प्रमुख बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पिकेट और गश्त बढ़ाई गई।  

    उत्तरी दिल्ली के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने आगे कहा कि, ’26 जनवरी को लेकर चेकिंग और पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए बॉडी कैमरा का भी इस्तेमाल हो रहा है। साथ ही लाल किले की सुरक्षा बढ़ा दी है। परेड रूट के 3 किमी तक हमने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।’

    उन्होंने बताया कि, किराएदारों और घरले सहायकों से पूछताछ जारी है। साथ ही होटल्स, गेस्ट हाउसों और ‘धर्मशालाओं’ में औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई संदिग्ध या असामाजिक तत्वों ने अवैध रूप से जगह पर कब्जा नहीं किया है। संवेदनशील जगहों पर पैट्रोलिंग जारी है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि, मॉल, बाजारों, रेलवे और मेट्रो स्टेशनों और बस टर्मिनस पर चेकिंग तेज कर दी गई है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।