Himachal Pradesh by-elections: Cong
Photo:Twitter

    Loading

    शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में उपचुनावों (By-Polls) के लिए डाले गए मतों की मंगलवार को अंतिम परिणामों की घोषणा हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस (Congress) ने सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव हुए थे जिनकी मंगलवार सुबह गिनती शुरू की गई थी।

    बता दें कि, शुरुआती गणना के रुझानों में जुब्बल-कोटखाई और अर्की विधानसभा सीट पर कांग्रेस आगे चल रही थी जबकि फतेहपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बढ़त मिली थी लेकिन बाद में कांग्रेस उम्मीदवार ने बाज़ी मार दी है।जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट पर कांग्रेस के रोहित ठाकुर निर्दलीय उम्मीदवार चेतन सिंह ब्रागता को भी हारने में कामयाब रहे। भाजपा उम्मीदवार नीलम सेरेक को इन चुनावों में उम्मीद से कम मत मिले हैं।

    फतेहपुर में भाजपा के बलदेव ठाकुर कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भवानी सिंह पठानिया को नहीं हरा पाए हालांकि दोनों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। अर्की में कांग्रेस उम्मीदवार संजय, भाजपा के रतन सिंह पाल से सुबह से ही आगे चल रहे थे। भाजपा ने 2017 में जुब्बल-कोटखाई सीट से जीत हासिल की थी जबकि अर्की और फतेहपुर सीट कांग्रेस के हिस्से आई थी। इन सीटों पर उपचुनाव 30 अक्टूबर को हुए थे।

    कांग्रेस की जीत पर रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए कहा, ” देवभूमि हिमाचल की जनता ने लोकसभा व विधानसभाओं में कांग्रेस में ज़ोरदार विश्वास व्यक्त कर गौरवशाली इतिहास रचा है। भाजपा की विदाई व कांग्रेस के नेत्रत्व में “नए हिमाचल” का निर्माण तय है। सब पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को शुभकामनाएँ।” 

    वहां मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह ने बीजेपी के उम्मीदवार कौशल ठाकुर को हरा दिया। हिमाचल में तीन विधानसभा सीटों पर भी चुनाव थे। उनपर भी कांग्रेस की जीत हुई। प्रतिभा सिंह 8,766 वोटों से जीती हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी ने इस सीट को 3.89 लाख वोटों से जीता था। बीजेपी सांसद राम स्वरूप के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुआ है।