File Photo
File Photo

    Loading

    हैदराबाद: लखीमपुर खीरी में कई नेताओं के पहुंचने की कोशिशें जारी हैं। इस बीच AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी लखीमपुरी खीरी का दौरा करने का फैसला किया है। ओवैसी ने कहा है कि, वह लखीमपुर खीरी जाएंगे। ओवैसी ने ऐसे में तीन कृषि कानूनों को लेकर भी सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार को 3 कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। 

    ANI के अनुसार, ओवैसी ने हैदराबाद में बात करते हुए कहा, “मैं उन लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यूपी के लखीमपुर खीरी जाऊंगा, जिनकी केंद्रीय मंत्री के बेटे ने हत्या की है। यह एक जघन्य अपराध है। अब समय आ गया है, मोदी सरकार को 3 कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए और उन्हें इस मंत्री को हटाना चाहिए।”

    बता दें कि, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में हुई हिंसा के बाद देश का सियासी पारा गरमाया हुआ है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बीएसपी सहित तमाम विपक्षी दलों ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। विपक्षी नेता लखीमपुर खीरी जाकर वहां किसानों से मिलना चाहते हैं। लेकिन प्रशासन इसके खिलाफ है। इससे पहले प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जा रही थी। उन्हें सीतापुर में हिरासत में पुलिस ने ले लिया। 

    इसके अलावा समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव भी लखीमपुर खीरी जाना चाहते थे लेकिन उनके घर से निकलने के बाद पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश में थे लेकिन उनके प्लेन को लैंडिंग की इजाज़त नहीं दी गई। वहीं भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में नहीं जाने के लिए कहा है।