army

    Loading

    नई दिल्ली/जम्मू. जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के पुंछ जिले में LOC के पास सेना ने 2 आतंकवादियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आतंकवादी शनिवार देर रात जिले के बालाकोट सेक्टर में मारे गए। वहीं व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने कहा कि धांगरी हमले में शामिल आतंकियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन फिलहाल जारी है। 

    मामले पर अधिकारियों ने कहा कि सेना के जवानों ने एक सीमावर्ती गांव में संदिग्ध गतिविधि देखी और गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें दोनों आतंकवादी ढेर हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के शव रविवार सुबह तब मिले, जब सेना ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। 

    BSF भी मुस्तैद 

    गौरतलब है कि, रजौरी के डांगरी इलाके में हुए टारगेटिंग किलिंग के बाद जम्मू संभाग में फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही बॉर्डर पर भी BSF ने ऑपरेशन सर्द हवा शुरू कर दिया है। इसके साथ ही सांबा प्रशासन की तरफ से बॉर्डर के एक किलोमीटर के दायरे में रात का कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

    2022:J-K में मारे गए 172 आतंकी और 29 नागरिक

    जानकारी दें कि, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने साल 2022 को कश्मीर क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियानों में बेहद सफल बताया है। पुलिस ने बताया कि कश्मीर घाटी में 90 से अधिक अभियानों में 172 आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं घाटी में विभिन्न हमलों के दौरान लगभग 29 नागरिक मारे गए हैं।