
मुंबईः देश की आर्थिक राजधानी में मुंबई में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रहे मुसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच मुंबई घाटकोपर इलाके में स्थित पंचशील नगर में भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटना सामने आई है। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं हैं। यहां के स्थानीय विधायक राम कदम ने बताया की पहाड़ी क्षेत्र होने के चलते बारिश में एक घर पर यह पत्थर गिरा है। लेकिन इसमें किसी के अब तक हताहत होने के कोई खबर नही है। हम इन इलाकों में बारिश के पहले किसी भी अनहोनी घटना को रोकने के लिए उपर्युक्त व्यवस्था करते हैं।
आपको बता दें कि, मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार अगले 5 दिन मुंबई सहित आस-पास के इलाके में जोरदार बारिश होती रहेगी। इसके अलावा बारिश को देखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई में लगातार हो रही बारिश व जलजमाव को मद्देनजर चेंबूर, सायन रोड नंबर 24, शेल कॉलोनी में करीब 8 रूट को बदल दिया गया है।
आपको बता दें कि, पिछले 24 घंटे से शहर में औसतन 95.81 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि इस बीच पश्चिमी मुंबई में 115.09 मिमी तथा पूर्वी मुंबई में 116.73 मिमी वर्षा हो चुकी है। इस बारिश के चलते मुंबई लोकल सेवा प्रभावित हुई है। करीब 75 लाख से अधिक यात्री प्रतिदिन मुंबई के लोकल ट्रेन में यात्रा कर अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं। आईएमडी (IMD) ने अगले कुछ दिन में पड़ोसी ठाणे जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।