भारत में पहली बार पुरुष से ज्यादा महिलाएं, पढ़ें नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की खास बातें

    Loading

    नई दिल्ली: देश में अब पुरुषों के मुकाबले महिलाओं (Men and Women Ratio in India) की आबादी में बढ़ोतरी देखने को मिली है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (National Family and Health Survey) के अनुसार भारत में अब हर 1000 पुरुषों पर 1,020 महिलाएं हैं। खास बात यह है कि आजादी के बाद ऐसा पहली बार है जब पुरुषों की तुलना में महिलाओं की आबादी एक हजार से अधिक पहुंची है। 

    गौर हो कि इससे पहले साल 2015-16 में नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-4 में ये आंकड़ा हर 1000 पुरुष पर 991 महिलाओं का रहा था। साथ ही अब जन्म के समय भी सेक्स रेशियों में सुधार देखने को मिला है। पहले 2015-16 के दौरान प्रति 1000 बच्चों पर 919 बच्चियों का थो, जो अब 2019-21 में बेहतर होकर प्रति 1000 बच्चों पर 929 पहुंच गया है। 

    वहीं एनएफएचएस-5 के आंकड़ों में यह बात भी सामने आई है कि सेक्स रेशियों में सुधार शहरों के मुकाबले गांवों में अधिक बेहतर देखने को मिला है। गांवो में  हर 1,000 पुरुषों पर 1,037 महिलाएं हैं और शहरों में 985 महिलाएं हैं। देश के 23 राज्य ऐसे हैं जहां पर एक हजार पुरुषों पर महिलाओं को आबादी 1000 से अधिक देखने को मिली है। यूपी में प्रति हजार पुरुषों पर 1017, बिहार में 1090, दिल्ली में 913 है। साथ ही मध्य प्रदेश में 970 और राजस्थान में 1009 दर्ज की गयी है।