JP Nadda
FILE- PHOTO

Loading

नई दिल्ली: बीजेपी ने चार राज्यों के अध्यक्ष (presidents) की नियुक्ति की है। दिल्ली, राजस्थान, बिहार और ओडिशा ने नए अध्यक्ष  को नियुक्त किया है। जानकारी के अनुसार बिहार विधान परिषद के सदस्य सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) को बीजेपी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल (Sanjay Jaiswal) का कार्यकाल खत्म हो चुका था। इसी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा (JP Nadda) ने सम्राट चौधरी को बिहार भारतीय जनता पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया है। 

जानकारी के अनुसार बीजेपी ने गुरुवार को बिहार विधान परिषद के सदस्य और पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी ने चितौड़गढ़ से सांसद चंद्र प्रकाश जोशी (सी पी जोशी) को भाजपा की राजस्थान इकाई का अध्यक्ष बनाया है। पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों के मुताबिक दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल को प्रदेश इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है और यह तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार के दिग्गज नेता रहे शकुनी चौधरी के पुत्र है। शकुनी चौधरी सात बार विधायक रहे हैं। वह बिहार भाजपा अध्यक्ष के रूप में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। सम्राट चौधरी बिहार भाजपा के उपाध्‍यक्ष भी रह चुके हैं।

वह 1999 में कृषि मंत्री और 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। सी पी जोशी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की और दूसरी बार संसद पहुंचे। वह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सतीश पूनिया की जगह लेंगे। सचदेवा को पिछले साल दिसंबर में दिल्ली भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने आदेश गुप्ता की जगह ली थी। मनमोहन सामल ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में समीर मोहंती का स्थान लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहंती का तीन साल का कार्यकाल इसी साल जनवरी में समाप्त हुआ था।