GADKARI
File Pic

    Loading

    नयी दिल्ली. हमेशा अपने काम और प्रशासनिक अधिकारियों को लताड़ लगाने को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने अब एक और दिलचस्प किस्सा बताया  है।  दरअसल गडकरी ने कल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की समीक्षा की और एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।  इस दौरान अपने इस कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि, कैसे उन्होंने एक बार अपनी पत्नी को बिना बताए अपने ही ससुर के घर पर बुलडोजर चलवा दिया था। 

    अपने ही ससुर के घर पर बुलडोजर चलवाकर बनवाई थी वहां सड़क- गडकरी

    इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने आगे बताया कि, “जब मेरी नई-नई शादी हुई थी, तब मेरे ससुर साहब का घर सड़क के बीच में आ रहा था।  तब मैंने अपनी पत्नी को बिना बताए ही अपने ससुर के घर पर बुलडोजर चलवा दिया था और वहां सड़क बनवाई थी। ” इस दौरान गडकरी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को यह बता रहे थे कि काम के प्रति उनकी क्या-क्या जिम्मेदारियां हैं, जो उन्हें निभानी पड़ती है। 

    अब 12 घंटे में पूरा होगा दिल्ली-मुंबई का लम्बा सफर

    बात दें कि अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (DME) से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा में लगने वाला 24 घंटों का लम्बा समय कम होकर करीब 12 घंटे ही रह जाएगा।  इतना ही नहीं 8 लेन का यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात से होकर भी गुजरेगा। 

    गडकरी ने यह भी बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा।  इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की न्यूनतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।  हालाँकि सड़क मंत्रालय इसे बढ़ाकर 120 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर भी विचार कर रहा है। 

    अगर चाहिए अच्छी सेवाएं तो करना होगा खर्च- गडकरी

    इधर एक एक सवाल के जवाब में गडकरी ने यह भी कहा, “अगर आप अच्छी सेवाएं चाहते हैं, तो उसके लिए आपको भुगतान भी करना पड़ेगा।  ऐसे में अगर आप एयर कंडीशन युक्त हॉल में कार्यक्रम करना चाहते हैं, उसके लिये भी आपको किराया देना ही पड़ता है।  अन्यथा, आप खुले मैदान में भी किसी शादी का आयोजन आराम से कर सकते हैं। “