BJP News Residential Complex

Loading

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा केंद्रीय कार्यालय (विस्तार) का उद्घाटन किया।  इस दौरान पीएम ने नए आवासीय परिसर का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इस दौरान पीएम मोदी ने आवासीय परिसर के निर्माण में श्रमदान करने वाले मजदूरों, कारीगरों से बातचीत की। बीजेपी मुख्यालय विस्तार के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजा-अर्चना भी की। 

BJP दुनिया की सबसे बड़ी बल्कि सबसे भविष्यवादी पार्टी

दिल्ली में आवासीय परिसर और सभागार के उद्घाटन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं भाजपा के संस्थापक सदस्यों को सलाम करता हूं।” पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी न केवल दुनिया की सबसे बड़ी बल्कि सबसे भविष्यवादी पार्टी है, इसका एकमात्र लक्ष्य आधुनिक और विकसित भारत बनाना है।  उन्होंने कहा, देश में परिवार द्वारा संचालित राजनीतिक दलों के बीच बीजेपी अब केवल अखिल भारतीय पार्टी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए मंगलवार को कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त नेता एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं और कुछ दलों ने मिलकर ‘भ्रष्टाचारी’ बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय के विस्तार का लोकार्पण करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि पूरे विश्व में आज जब हिंदुस्तान का डंका बज रहा है, तो देश के भीतर और देश के बाहर बैठी ‘‘भारत विरोधी शक्तियों” का एकजुट होना स्वाभाविक है।  

उन्होंने कहा, ‘‘यह शक्तियां किसी भी तरह भारत से विकास का एक कालखंड छीन लेना चाहती हैं।” उन्होंने कहा कि आज भारत का सामर्थ्य अगर फिर बुलंदी की तरफ जा रहा है, तो इसके पीछे उसकी एक मजबूत नींव है, जो उसकी संवैधानिक संस्थाओं में है।उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए आज भारत को रोकने के लिए हमारी इस नींव पर चोट की जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किया जा रहा है। उन्हें बदनाम करने का अभियान छेड़ा जा रहा है। उनकी विश्वसनीयता खत्म करने की साजिश की जा रही है।” 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर जब एजेंसियां कार्यवाही करती हैं, तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है और जब अदालत कोई फैसला सुनाती है, तो उस पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘न्यायिक प्रणाली पर हमले होते हैं। आप सब देख रहे हैं कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। आज भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, वह सब एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं।” मोदी ने कहा कि यह पूरा देश या देख रहा है और समझ भी रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार ने हमारे देश का बहुत नुकसान किया है और उसे दीमक की तरह खोखला किया है।” 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘1984 में जो हुआ देश कभी उसे भूल नहीं सकता है। उसके बाद जो चुनाव हुआ, उसमें कांग्रेस को बहुमत मिला। हम हताश नहीं हुए, हमने फिर से जमीन पर काम किया और अपने संगठन को मजबूत किया, तब जाकर आज हम यहां पहुंचे हैं। 2 लोकसभा सीटों के साथ शुरू हुआ सफर 2019 में 303 तक पहुंच गया। आज कई राज्यों में हमें 50% से ज्यादा वोट मिलते हैं।’

पीएम ने कहा कि आज उत्तर से दक्षिण तक.. पूरब से पश्चिम तक, भाजपा एकमात्र पैन इंडिया पार्टी है। भाजपा एकमात्र अखिल भारतीय राजनीतिक दल है। कर्नाटक में हमारी पार्टी नंबर वन है। परिवारवादी राजनीतिक दलों के बीच भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है, जो युवाओं को अवसर देता है। हमें भारत की महिलाओं का आशीर्वाद प्राप्त है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी नहीं है, बल्कि भाजपा भारत की सबसे भविष्यवादी पार्टी है। हमारा एक ही लक्ष्य है- भविष्य के आधुनिक और विकसित भारत का निर्माण करना। BJP केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है। BJP एक व्यवस्था है, BJP एक विचार है, BJP एक संगठन है, BJP एक आंदोलन है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें भाजपा को एक ऐसी संस्था के रूप विकसित करना है जिसके पास अगले 10 साल-50 साल तक लक्ष्य निर्धारित हो। इसके लिए 3 बातें जरूरी है-अध्ययन, आधुनिकता और विश्वभर से अच्छी बातों को आत्मसात करने की शक्ति। (भाषा इनपुट के साथ)