Photo: ANI/ Twitter
Photo: ANI/ Twitter

    Loading

    उज्जैन: पीएम नरेंद्र मोदी ने श्री महाकाल लोक राष्ट्र को समर्पित किया। महाकाल लोक परियोजना का पहला चरण तीर्थयात्रियों को विश्व स्तरीय आधुनिक सुविधाएं प्रदान करके मंदिर में आने वाले तीर्थयात्रियों के अनुभव को समृद्ध करने में मदद करेगा। इस दौरान पीएम मोदी के साथ मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद है। 

    इस परियोजना का उद्देश्य पूरे क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करना और विरासत संरचनाओं के संरक्षण और बहाली पर विशेष जोर देना है। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर का करीब सात गुना विस्तार किया जाएगा। पूरी परियोजना की कुल लागत लगभग 850 करोड़ रुपये है।

    शंकर के सानिध्य में… सब कुछ अलौकिक 

    पीएम मोदी ने महाकाल लोक का लोकार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, शंकर के सानिध्य में साधारण कुछ भी नहीं, सब कुछ अलौकिक है। उन्होंने कहा कि, जय महाकाल उज्जैन की ये ऊर्जा, ये उत्साह, अवंतिका की ये आभा, ये अद्भुतता, ये आनंद। महाकाल की ये महिमा, ये महात्म्या, ‘महाकाल लोक’ में लौकिक कुछ भी नहीं है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि, उज्जैन ने हजारों वर्षों तक भारत की संपन्नता और समृद्धि का, ज्ञान और गरिमा का, और साहित्य का नेतृत्व किया है। उज्जैन के छण-छण में, पल-पल में इतिहास सिमटा हुआ है।

    महाकाल लोक का मुआयना

    पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण करने के बाद महाकाल लोक का मुआयना किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान उनके साथ इलेक्ट्रिक वाहन में सवार थे, वे उन्हें महाकाल लोक की जानकारी देते चल रहे थे। महाकाल लोक में बने मंडप में देश भर से 750 कलाकार अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। आज के लोकार्पण के लिए उज्जैन महाकाल परिसर को बड़ा ही सुंदर सजाया गया है। बिजली की सजावट मन मोह रही है।

    भगवान महाकाल मंदिर की पूजा-अर्चना

    इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान महाकाल मंदिर (Lord Mahakal Temple) में पूजा-अर्चना की। मोदी करीब छह बजे मंदिर के गर्भगृह में गए। उन्होंने पारंपरिक धोती पहन रखी थी और गमछा डाल रखा था। उन्होंने गर्भगृह में महाकाल की पूजा की। देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से महाकालेश्वर का मंदिर उज्जैन में स्थित है। पीएम मोदी ने करीब आधा घंटा महाकाल मंदिर में बिताया। पूजन करने के बाद वे महाकाल परिसर के अन्य मंदिरों के दर्शन भी कर रहे हैं।  मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ थे।