Photo: ANI/ Twitter
Photo: ANI/ Twitter

Loading

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को नेपाल के नये राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से टेलीफोन पर बातचीत की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने एवं दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की।   

राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू ने नेपाल के अपने समकक्ष के साथ बातचीत के दौरान उम्मीद जाहिर की है कि राष्ट्रपति पौडेल के मार्गदर्शन में भारत-नेपाल द्विपक्षीय संबंध और ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अभी केरल के दौरे पर हैं और आज शाम उन्होंने नेपाल के राष्ट्रपति पौडेल से टेलीफोन पर बातचीत की। बयान के अनुसार, दोनों देशों के राष्ट्रपति ने भारत और नेपाल के अनोखे और बहुआयामी संबंधों का उल्लेख किया और अपने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत बनाने एवं दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रतापूर्ण संबंधों को और गहरा बनाने के उपायों पर चर्चा की।

ज्ञात हो कि नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पौडेल ने हाल ही में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी (सीपीएन-यूएमएल) के सुभाष चंद्र नेमबांग को हराकर देश के राष्ट्रपति के चुनाव में जीत दर्ज की है। पौडेल को आठ राजनीतिक दलों का समर्थन मिला। पौडेल को 52,628 में से 33,802 जबकि नेमबांग को 15,518 वोट मिले।

पूर्व स्पीकर एवं कई बार मंत्री रह चुके पौडेल ने देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने के लिए एक लंबी राजनीतिक यात्रा की है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय जेल में बिताया। वह छह बार विधायक, पांच बार मंत्री और एक कार्यकाल के लिए स्पीकर रहे। (एजेंसी)