murmu
File Pic

    Loading

    नई दिल्ली. सुबह की बड़ी खबर के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के एक दिन पहले यानी आज 14 अगस्त की शाम शाम 7 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगी। गौरतलब है कि राष्ट्रपति के तौर पर राष्ट्र के नाम यह उनका पहला संबोधन होगा। भारत इस बार 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन शाम सात बजे से दूरदर्शन के सभी चैनलों और आकाशवाणी (AIR) के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर पहले हिंदी में और फि‍र उसके बाद अंग्रेजी भाषा में किया जाएगा। 

    पता हो कि, मुर्मू (64) ने 25 जुलाई को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। साथ ही वह शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली सबसे कम उम्र की और पहली आदिवासी हैं। वह ऐसी पहली राष्ट्रपति हैं, जिनका जन्म देश की आजादी के बाद हुआ है।

    वहीं  दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण होगा। वहीं आकाशवाणी के संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्कों पर रात 9।30 बजे क्षेत्रीय भाषाओं में राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण होगा।

    जनता को इंतजार, क्या बोलेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

    वैसे भी राष्ट्रपति मुर्मू के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट के जरिये प्रतिक्रियाएं आती रहती हैं। वहीं अभी रक्षाबंधन के पर्व पर उन्होंने देशवासियों को बधाई दी थी। उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा था, ”भाई-बहन के बीच अटूट बंधन, स्नेह और विश्वास के प्रतीक, रक्षा बंधन के उल्लासपूर्ण अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मेरी कामना है कि यह पर्व, हमारे समाज में मेल-जोल व सौहार्द को प्रोत्‍साहित करे और महिलाओं के प्रति सम्‍मान में वृद्धि करे।” 

    वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का संबोधन सुनने के लिए देशवासी भी इंतजार कर रहे हैं क्योंकि वे पहली बार उनका संबोधन सुन रहे होंगे, इस बात को लेकर जनता को भी जिज्ञासा है कि राष्ट्रपति किन विषयों को संबोधन में शामिल करेंगी।