
नई दिल्ली: नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) के इस्तीफे के बाद पंजाब में सियासी संग्राम शुरू है। लगातार इस मसले पर सियासी बयानबाजी भी हो रही है। खबर है कि कांग्रेस (Congress) की तरफ से सिद्धू को मनाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अगर वे नहीं मानते हैं तो कांग्रेस उनके खिलाफ झुकने के मुड़ में नहीं है। खबर है कि कांग्रेस आलाकमान के तेवर सख्त है। साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मंथन शुरू है।
वहीं कांग्रेस आलाकमान पूरी तरह से चरणजीत सिंह चन्नी के साथ होने की जानकारी है। साथ ही अगर सिद्धू नहीं मानते हैं तो नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा इसे लेकर भी मंथन शुरू है। बताया जा रहा है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वर्किंग प्रेसिडेंट कुलजीत नागरा और लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का नाम नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे है। हालांकि इन नामों पर कांग्रेस फैसला तब लेगी जब सिद्धू नहीं मानेंगे।
ज्ञात हो कि कांग्रेस में जारी सियासी घमासान के बीच आज दोपहर 12.30 बजे पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी प्रेस वार्ता करने जा रहे हैं। जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। कांग्रेस आलाकमान भी अब सक्रिय हो गया है। अजय माकन को विधायक दल की बैठक के लिए राजधानी चंडीगढ़ भेजने की खबर है।