नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Congress Leader Rahul Gandhi) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को महंगाई (Inflation) एवं बेरोजगारी (Unemployment) जैसी समस्याओं पर बुलडोजर (Bulldozer) चलाना चाहिए, लेकिन भाजपा के बुलडोजर पर तो नफरत और दहशत सवार है। उन्होंने मध्य प्रदेश के खरगौन में राम नवमी पर हुई हिंसा के आरोपियों के घरों एवं दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने की पृष्ठभूमि में यह टिप्पणी की है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘महंगाई और बेरोज़गारी ने देश की जनता का दम निकाल दिया है। सरकार को लोगों की इन समस्याओं पर बुलडोजर चलाना चाहिए। मगर भाजपा के बुलडोजर पर तो नफ़रत और दहशत सवार है।” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है जिसका मतलब पवित्रता का प्रतीक होता है। राम नवमी पर असहिष्णुता, हिंसा और घृणा के कृत्य किए जा रहे हैं।”
राहुल गांधी का ट्वीट-
महंगाई और बेरोज़गारी ने देश की जनता का दम निकाल दिया है।
सरकार को लोगों की इन समस्याओं पर bulldozer चलाना चाहिए।
मगर भाजपा के bulldozer पर तो नफ़रत और दहशत सवार है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 12, 2022
उन्होंने सत्ता में शीर्ष पर विराजमान लोगों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘देश के शीर्ष नेता नफरत के प्रसार को देखने और सुनने से इनकार करते हैं। वे मौन हैं।”